खेलकूद

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुधीर नाइक का निधन, ODI में भारत के लिए पहला चौका लगाकर रचा था इतिहास

IPL की धूम के बीच भारतीय क्रिकेट जगत के लिए एक सप्ताह के भीतर दूसरी दुखद खबर सामने आई है। सलीम दुर्राना के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुधीर नाइक का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। सुधीर नाइक 78 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में वह बाथरूम के फर्श पर गिरे थे और उनके सिर में चोट लग गई थी जिसके बाद उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह कोमा में चले गए और फिर कभी ठीक नहीं हुए।

बता दें कि सुधीर नाइक ने भारत के लिए तीन टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले हैं। इतना ही नहीं उनके नाम वनडे में भारत के लिए पहला चौका लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने यह उपलब्धि 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ ली़्स के हेडिंग्ले में खेले गए मैच के दौरान हासिल की थी। इसके अलावा और भी कई रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हैं। सुधीर ने अपनी कप्तानी में मुबई को रणजी ट्रॉफी का खिताब भी जिताया था।

सुधीर नाइक के निधन से क्रिकेट जगत शोक में डूब गया है। बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा कि सुधीर नाइक के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। खेल के प्रति दशकों में उनका योगदान उन सभी को प्रेरित करेगा जो इस खेल को अपनाना चाहते हैं। वहीं, सचिव जय शाह ने कहा, सुधीर नाइक के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। यह बहुत बड़ा नुकसान है।

Related Articles

Back to top button