देश

उपचुनाव: मध्य प्रदेश की दो और ओडिशा की एक सीट पर वोटिंग जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों मुंगावली व कोलारस और ओडिशा की एक विधानसभा सीट बिजेपुर पर हो रहे उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों की लंबी कतारे हैं। एमपी की दो सीटों पर शुरुआती दो घंटे में 16 फीसदी मतदान हुआ। इसी बीच कोलारस में वोट डालने के लिए लाइन में लगे लोगों ने ईवीएम खराबी के चलते घंटों इंतजार करने की बात भी कही है। कोलारस के बूथ नंबर 57 पर ईवीएम में तकनीकि खराबी के चलते लोगों को वोट डालने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

इधर, कोलारस में दिगोद गांव में मतदान केंद्र पर मतदाताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस के समझाने पर फिर से वोटिंग शुरू हो पाई। कोलारस में तो कांग्रेस ने मतदान केंद्रों पर फोटो और चिन्ह लगी हुई पर्चियां बांटने का बीजेपी पर आरोप लगाया।

बता दें कि इन दो सीटों का चुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों को लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। एक तरफ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तो दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पूरी ताकत झोंक दी है। ये दोनों विधानसभा क्षेत्र सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। 2013 के चुनाव में दोनों सीटों पर कांग्रेस की जीत हुई थी। ऐसे में सत्ता में वापसी का सपना देख रही कांग्रेस इन सीटों को अपने हाथ से जाने नहीं देना चाहेगी।

इससे पहले कांग्रेस ने कोलारस में भिंड से बीजेपी विधायक नरेंद्र कुशवाहा पर पैसे बांटने का आरोप लगाया था। उनकी गाड़ी पकड़ी गई और मुकदमा भी दर्ज किया गया। उधर, बीजेपी ने मुंगावली से कांग्रेस प्रत्याशी बृजेन्द्र यादव पर पैसे बांटने की शिकायत चुनाव आयोग से की। हालांकि, अशोक नगर कलेक्टर ने इस आरोप को सही नहीं पाया।

कोलारस में एक थाना प्रमुख ने कांग्रेस प्रत्याशी को पीटकर लहूलुहान कर दिया, जिसके बाद थाना प्रमुख को सस्पेंड कर दिया गया। उधर सागर से बीजेपी विधायक शैलेंद्र जैन शनिवार को मुंगावली में घूमते पाए गए। उन्हें पुलिस ने मुंगावली की सीमा से बाहर निकाल दिया।

ओडिशा में भी वोटिंग
ओडिशा की एक विधानसभा सीट बिजेपुर पर भी उपचुनाव की वोटिंग जारी है। जहां मध्य प्रदेश में दो कांग्रेस विधायकों महेंद्र सिंह कालूखेड़ा (मुंगाबली) और राम सिंह यादव (कोलारस) की मृत्यु के बाद यह सीटें खाली हुईं वहीं ओडिशा की बिजेपुर सीट से कांग्रेस विधायक सुबल साहू की मौत के बाद यह सीट खाली हुई थी। सुबल साहू की पत्नी अब सत्ताधारी बीजेडी की ओर से चुनाव लड़ रही हैं।

ओडिशा की बिजेपुर सीट पर मुकाबला बीजेडी की रीता साहू, बीजेपी के अशोक पाणिग्रह और कांग्रेस के प्रणय साहू के बीच है। 13 उम्मीदारों के लिए कुल 2.2 लाख लोग वोट डालेंगे।

Related Articles

Back to top button