देश

छत्‍तीसगढ़: 51 पाकिस्‍तानी बने हिन्‍दुस्‍तानी, सीएम बोले- आपके माथे से मोहाजिर होने का कलंक धुल गया

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने आज पाकिस्तान से आए 51 हिंदू विस्थापितों को भारतीय नागरिकता पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री रमन सिंह और केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने आज यहां शदाणी दरबार के पीठाधीश संत गोबिंदराम साहेब के 73वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 51 हिन्दू विस्थापितों को भारतीय नागरिकता पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किया। अहीर ने कहा कि भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान करने का यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण और अनुकरणीय है। रमन सिंह ने शदाणी दरबार में अपने सम्बोधन के दौरान कहा, “आज आपका पुनर्जन्म हुआ है। आपके माथे से मोहाजिर होने का कलंक धुल गया है। आज तो खुशी का दिन है कि आप लोगों को पाक की नागरिकता से आजादी मिल गई। आप हिंदुस्तानी हैं।” कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विस्थापित हिंदुओं के लिए आज खुशी का सबसे बड़ा दिन है। विदेश में रह रहे हिंदुओं को विदेशी नागरिक काफिर कहते हैं। अब विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी, मंत्री हंसराज अहीर के प्रयास से आज विस्थापित हिंदुओं को भारतीय नागरिकता प्रदान की जा रही है। अब भारत आपके किराये का घर नहीं बल्कि आपका अपना घर है।

वही गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि विस्थापित हिंदुओं के पूर्वजों ने भारी कष्ट झेला है। आज उन सभी कष्टों से मुक्ति का दिन है, सतगुरु संत गोविन्दराम साहेब जी के 73 वां जन्मोत्सव के मौके पर आज हो रहा यह आयोजन प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के नेतृत्व में भारतीय नागरिकता प्रदान का कार्य और तेज गति से आगे बढ़ेगा। विस्थापित हिंदुओं के लिए आज के दिन दिवाली के बाद एक और दिवाली है। आज से आप हिंदुस्तानी हो और यही आपकी पहिचान है।

Related Articles

Back to top button