ब्रिटेन की सुप्रीम कोर्ट ने व्यवस्था की है कि वह खोजी इंटरनेट वेबसाईट विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को स्वीडन प्रत्यर्पित किए जाने के फैसले पर अपील दाखिल करने का अधिकार दे दिया है और उनके मामले पर सुनवाई जल्द ही प्रारंभ होगी।
सुप्रीम कोर्ट के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि असांजे को स्वीडन प्रत्यर्पित किए जाने के खिलाफ अपील करने का अधिकार दे दिया गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट इस पर सुनवाई करने जा रहा है जिसके लिए सात न्यायाधीशों की एक पीठ नियुक्त की गई है। यह पीठ एक फरवरी से इस मामले पर सुनवाई शुरू करेगी।
असांजे को स्वीडन सौंपे जाने के मामले पर इस महीने की शुरुआत में हाईकोर्ट के दो न्यायाधीशों ने असांजे मामले पर सुनवाई करते हुए उन्हें सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में अपील करने की इजाजत मांगने के लिए 14 दिन का समय दिया था। अगर सुप्रीम कोर्ट असांजे के पक्ष में फैसला सुनाता है तो यह इस मायने में भी महत्वपूर्ण होगा कि यह यूरोपीय संघ के प्रत्यर्पण से जुडे कानूनों की कमियों को भी उजागर करेगा।
स्वीडन की दो महिलाओं ने असांजे पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। हालांकि असांजे इस मामले से इंकार करते आए हैं। स्वीडन सरकार ने इस मामले में असांजे का प्रत्यर्पण सुनिश्चित कराने के लिए यूरोपीय प्रत्यपर्ण वारंट का सहारा लिया है।


