संयुक्त राष्ट्र परमाणु नियामक का एक प्रतिनिधिमंडल ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर विवाद के समाधान के लक्ष्य के साथ दो दिवसीय दौरे पर आज तेहरान पहुंचा।
तीन सप्ताह में यह ईरान का दूसरा दौरा है और ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ बातचीत के लिए कितना इच्छुक है इस दौरे से साबित हो जाएगा।
तेहरान के लिए रवाना होने से पहले वियना में संयुक्त राष्ट्र के मुख्य परमाणु निरीक्षक हरमन नकेरेटस की अध्यक्षता वाली टीम ने इस दौरे से ‘ठोस परिणाम’ निकलने की उम्मीद जताई लेकिन आगाह किया कि प्रगति में ‘कुछ समय लग सकता है।’
नकेरेटस ने वियना एयरपोर्ट पर संवाददाताओं से कहा, ‘तेहरान में अच्छे और रचनात्मक दिन रहने की उम्मीद है। हमें इस दौरे से कुछ ठोस परिणाम निकलने की उम्मीद है। निश्चित तौर पर पहली प्राथमिकता ईरान के परमाणु कार्यक्रम के सैन्य आयामों का होगा, लेकिन हम सभी लंबित मुद्दों को उठाना चाहते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘निश्चित तौर पर यह एक जटिल मामला है लेकिन कुछ रचनात्मक हल निकलने की उम्मीद है।


