संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने शुक्रवार को कहा कि ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम के विवादास्पद पहलुओं को स्पष्ट करने में अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ सहयोग करना चाहिए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक मून ने वियना में कहा कि मैं आईएईए की नई रिपोर्ट को लेकर बहुत चिंतित हूं।
इसमें ईरान के परमाणु विकास कार्यक्रमों में सैन्य आयामों की सम्भावना का संकेत दिया गया है।मून ने कहा कि उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति अहमदीनेजाद व ईरानी सरकार के सभी वरिष्ठ अधिकारियों से कहा है कि अब यह उनका दायित्व है कि वे अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को बताएं कि उसका परमाणु विकास कार्यक्रम सही मायने में शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।
मून ने कहा कि इस बीच अन्य सभी मुद्दों का शांतिपूर्ण ढंग से बातचीत से हल निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है।


