ब्रिटेन के ज्यादातर हिस्सों में हुई भारी बर्फबारी और ठिठुरन भरी सर्दी के कारण लंदन के हीथ्रो हवाईअड्डे पर रविवार को लगभग साढ़े छह सौ उड़ानें रद्द करनी पड़ी।
हीथ्रो एयरपोर्ट के मालिक बीबीए ने कल एक वक्तव्य में कहा कि हीथ्रो हवाईअड्डा खुला हुआ है। रनवे, ट्रैक्सीवे और अन्य जगहों पर जमी बर्फ हटा दी गई है। बर्फ से निपटने के लिए किए गए प्रबंध पिछले वर्षो की तुलना में ज्यादा कारगर रहे और हवाईअड्डे पर सभी गतिविधियां सामान्य हो रही हैं।
हालांकि यात्रियों के लिए अब भी बाधा जारी रहेगी। पिछले 24 घंटो के दौरान ब्रिटेन में 10 सेंटीमीटर ऊंची बर्फ जमी हुई पाई गई।
गौरतलब है कि यूरोप के अत्यंत व्यस्त हीथ्रो हवाईअड्डे के भारी बर्फबारी के बाद लगभग बंद होने के कारण दिसंबर 2010 में बीबीए की कड़ी आलोचना की गई थी। उस वक्त उडाने रद्द होने के कारण हजारों यात्रियों को काफी असुविधा सहनी पड़ी थी।
उधर लंदन के गेटटिक हवाईअड्डे ने इस स्थिति में सामान्य उड़ानों की पूरी तैयारी की बात कही है।


