संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पश्चिमी देशों द्वारा राष्ट्रपति बशर अल असद के खिलाफ पेश प्रस्ताव से नाराज सीरिया ने रविवार को जवाबी कार्रवाई की। उसने आतंकी संगठन अलकायदा के यूरोप प्रमुख अबु मुसाब अल सूरी को रिहा कर दिया।
अल सूरी को अमेरिकी कार्रवाई में मारे गए अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन का उत्ताराधिकारी माना जाता है। सीरिया में दमनचक्र रविवार को भी जारी रहा। ताजा हिंसा में 47 और लोगों की मौत हो गई है। इस दमन से नाराज जनता ने असद शासन के खिलाफ सात देशों में सीरियाई दूतावास पर हमले किए हैं।
अल सूरी पर अमेरिका ने 47.5 लाख पौंड [करीब 37 करोड़ रुपये] का इनाम घोषित कर रखा है। टेलीग्राफ में प्रकाशित खबर के अनुसार, अल सूरी उर्फ मुस्तफा सेतमरियम नसर वर्ष 2005 में हुए लंदन विस्फोट का सूत्रधार है, जिसमें 52 लोग मारे गए थे। वह स्पेन के मैड्रिड में वर्ष 2004 में हुए ट्रेन विस्फोट का भी आरोपी है जिसमें 191 लोगों की मौत हुई थी। वर्ष 1995 में पेरिस मेट्रो ट्रेन में हुए हमले में भी उसी का हाथ था।
सुरक्षा परिषद में असद शासन के खिलाफ पेश प्रस्ताव पर चीन और रूस के वीटो और सीरिया में दमन जारी रहने से कई देशों में लोगों ने अपने गुस्से का इजहार किया। लंदन और आस्ट्रेलिया में जहां लोगों ने सीरियाई राजनयिकों के कार्यालय में तोड़फोड़ की वही मिस्र की राजधानी काइरो स्थित दूतावास में लोगों ने आग लगा दी।
जर्मनी में भी सीरियाई दूतावास में तोड़फोड़ की गई है। कुवैत में सीरिया विरोधी प्रदर्शनकारियों से सुरक्षाबलों की झड़प में सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं।


