माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक अरबपति और परमार्थ कार्यों से जुड़े बिल गेट्स ने यूरोपीय सांसदों से गरीब देशों को जारी मदद में कटौती ना करने की अपील की है। यूरोपीय संघ के देश आर्थिक और बजट संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
यूरोपीय संसद को संबोधित करते हुए गेट्स ने कहा कि आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण समय में भी दुनिया के सबसे गरीब लोगों के लिए जारी मदद में कटौती करने का कोई बहाना नहीं हो सकता। यूरोप को चयन करना है। भूखे लोग, एचआईवी से पीड़ित लोग और टीकों के जरूरतमंद च्च्चों के लिए दी जाने वाली सहायता में कटौती की जाए या फिर इसमें निवेश कर विकास का रास्ता खोलने में भागीदारी करना जारी रखें।
गेट्स ने कहा कि यूरोप से मिलने वाली सहायता वैश्विक स्वास्थ्य और विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। गेट्स वर्तमान में बिल एंड मलिंडा गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में यह संस्था दुनिया भर के गरीबों विशेषकर अफ्रीका क्षेत्र में लोगों की सहायता के लिए कई परियोजनाएं चला रही हैं।
वर्ष 2010 में यूरोपीय संघ ने 70 अरब अमेरिकी डॉलर की रिकार्ड विकास सहायता राशि दी थी। हाल ही में यूरोपीय संघ ने ब्राजील, चीन और भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्था वाले देशों को सहायता राशि में कटौती करते हुए निर्धनतम देशों पर नए सिरे से ध्यान देने का निर्णय किया था।


