मनोरंजनसुर्खियां

WAR Box Office Collection Day 1: रितिक रोशन-टाइगर श्रॉफ की वॉर ने गांधी जयंती पर तहस-नहस किये कमाई के सारे रिकॉर्ड

गांधी जयंती की छुट्टी पर रिलीज़ हुई रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की ‘वॉर’ ने बॉक्स ऑफ़िस के सारे रिकॉर्ड तहस-नहस कर दिये हैं। फ़िल्म ने धमाकेदार ओपनिंग ली है। ट्रेड जानकारों का दावा है कि फ़िल्म 2019 की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फ़िल्म बन गयी है।

वॉर साल 2019 की उन फ़िल्मों में शामिल हो गयी है, जिनको लेकर पहले दिन से ही बड़ा धमाका करने की उम्मीद जताई जाती है। यशराज बैनर की इस फ़िल्म का ट्रेलर आने का बाद से ही ट्रेड जानकारों को लगने लगा था कि वॉर बॉक्स ऑफ़िस पर नये रिकॉर्ड बना सकती है और जब फ़िल्म रिलीज़ हुई तो दर्शकों ने ट्रेड की इन उम्मीदों को हक़ीक़त में बदल दिया।

ट्रेड एक्सपर्ट्स का आरम्भिक अनुमान है कि वॉर ने लगभग 50 करोड़ की ओपनिंग ली है। अन्तिम आंकड़ा अभी आना बाकी है, मगर यह चौंकाने वाला हो सकती है। गांधी जयंती की छुट्टी का फ़िल्म को पूरा फ़ायदा मिला और दर्शक सिनेमाघरों में टूट पड़े। वॉर ने 2019 में सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत के सबसे बड़े ओपनिंग कलेक्शन के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है, जो ईद पर रिलीज़ हुई थी और 42.30 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। इसके साथ वॉर बॉलीवुड की सबसे अधिक ओपनिंग कलेक्शन करने वाली फ़िल्मों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गयी है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर आमिर ख़ान की ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान है, जिसने 50.75 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था।

फ़िल्म में रितिक और टाइगर के साथ वाणी कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाया, जो काफ़ी अर्से बाद बड़े पर्दे पर लौटीं। वाणी के हॉट अंदाज़ ने इस एक्शन-थ्रिलर फ़िल्म को ग्लैमरस बनाया। वॉर ने टिकटों की एडवांस बुकिंग सेल का भी रिकॉर्ड बनाया है। ट्रेड जानकारों के मुताबिक फ़िल्म ने 25 करोड़ से अधिक रकम एडवांस बुकिंग के ज़रिए जुटा ली है।

Related Articles

Back to top button