मीडियासुर्खियां

Haryana Assembly में भारत माता की जय पर भिड़े भाजपा और कांग्रेस के विधायक

चंडीगढ़ : Haryana Assembly Budget Session में बुधवार को भारत माता की जय के नारे पर जमकर हंगामा हुआ। इस पर भाजपा और कांग्रेस के विधायकों में भिड़ंत हो गई। कांग्रेस विधायक गीता भुक्‍कल द्वारा इस बारे में टिप्‍पणी किए जाने पर भाजपा के विधायक उखड़ गए। इसके बाद भाजपा के विधायक भी हंगामे में शामिल हो गए। इस दौरान भाजपा विधायक भारत माता की जय के नारे लगाने लगे। सदन में 10 मिनट तक हंगामा होता रहा।

विधानसभा में प्रश्‍नकाल में चर्चा के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि मनोहरलाल सरकार के पास सिर्फ भारत माता की जय का नारा है। उनके इतना कहते ही भाजपा के विधायक उखड़ गए। राज्‍य के गृहमंत्री अनिल विज और अंबाला शहर के विधायक विपुल गोयल ने कांग्रेसियों को पाकिस्तानी कह दिया। इसके बाद सदन में भाजपा विधायकों ने भारत माता के जय के नारे लगाने लगे।

हरियाणा के जेल एवं बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि जब हम शपथ लेते हैं, तब अनुशासन की बात करते हैं। इसलिए हमें भारत माता की जय के मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारत माता हमारा अभिमान हैं और स्वाभिमान हैं, लेकिन विपक्षी विधायकों ने भारत माता की जय के मामले में व्यंग्य किया है।


भाजपा विधायकों को नारा लगाते देख कर कांग्रेस विधायकों ने भी लगाए भारत माता की जय के नारे लगाए। कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास ने भारत माता की जय के नारे लगवाए। मोहम्मद इलियास ने कहा कि भारत माता उनकी है, जिनके बच्चों ने शहादत दी है। भारत माता तो उनकी है जिनके बुजुर्गों ने शहादत दी थी। आरएसएस के लोगों के पास ही भारत माता की जय का कॉपीराइट नहीं है।

वह इस दौरान जोर-जाेर से बाेलते रहे। स्पीकर ने मोहम्मद इलियास को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने तो उनको नेम करने की धमकी दी। इसके बाद मोहम्‍मद इलियास अपनी सीट पर बैठ गए। विधायकों को शांत कराते हुए स्पीकर ने कहा कि भारत माता की जय बोलना कोई अपराध नहीं।

अभय चौटाला की स्‍पीकर और विज से हुई गर्मागर्मी

सदन में इनेलो के विधायक अभय चौटाला और स्‍पीकर के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान उनकी गृहमंत्री अनिल विज से भी गर्मागर्मी हो गई। अभय चौटाला ने कहा कि मंत्री भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने की बात करते हैं, लेकिन करते कुछ नहीं। जितने भी लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले दर्ज किए गए और उन्हें सेशन कोर्ट ने बरी कर दिया उनके खिलाफ कभी सरकार हाईकोर्ट तक नहीं गई। इसका मतलब कर्मचारियों व अधिकारियों को जान बूझकर प्रताड़ित किया गया है।

अभय चौटाला ने कहा कि इन कर्मचारियों के बरी होने के बाद शिकायत कर्ताओं को क्यों नहीं लपेटा जाता। इस भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए जो पैसा खर्च हुआ, उस पर करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं। नाटक मंडली बुलाने के लिए 15 हजार रुपये दे दिए। साढ़े पांच लाख अनावश्यक खर्च हुए।

अभय चौटाला ने कहा कि धान घोटाला हुआ, किलोमीटर स्कीम घोटाला हुआ। इस दौरान स्‍पीकर ने अभय चौटाला काे टोका तो उनके बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद अभय चौटाला और गृह मंत्री अनिल विज के बीच बहस हो गई। विज ने कहा कि अभय सिंह आप धान घोटाला या अन्य घोटाले के मुद्दे न उठाएं। पहले अपनी ओर देखें। विज नेकहा कि भ्रष्टाचार के 811 केस दर्ज हुए। इनमें से 117 कैंसिल हुए और 517 मामलों में कार्रवाई हुई है। 33 केस में अपील फाइल हुई है। 9 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस पर हरियाणा सरकार की ओर से साढ़े पांच लाख रुपये खर्च हुए हैं।

गीता भुक्‍कल ने उठाया बायो पार्क का मामला

झज्जर की कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सदन में बायो पार्क बनाए जाने में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि गीता भुक्कल की सरकार ने विकास परियोजनाओं के लिए गड्ढों वाली जमीनें दी हैं। इस पर गीता भुक्कल ने कहा कि छह साल हो गए। कमाल की बात हो गई। अभी तक सरकार हमारे गड्ढे ही नहीं भर पाई। इस बार जनता भाजपा के सारे गड्ढे भर देगी। विज ने कहा कि आइआइटी दिल्ली ने बायो पार्क के लिए दी गई गड्ढों वाली जमीन को रिजेक्ट कर दिया है। इसलिए नई जमीन चाहिए।

सदन में विधायक राम कुमार कश्यप के गोशालाओं से जुड़े सवाल के जवाब में पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने बताा कि प्रदेश में कुल 602 गोशालाएं हैं। 26 गोशालाओं में 14 पशु चिकित्सक और 26 पशुधन विकास सहायक हैं। बाकि 576 गोशालाओं में पशु चिकित्‍सालय द्वारा चिकित्सा सेवा मुहैया करवाई जा रही है।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूछा कि आइआइटी एक्सटेंशन राजीव गांधी एजुकेशन सेंटर सोनीपत में बनना था, उसकी क्या स्थिति है। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने सदन में किरण चौधरी के एक मुद्दे के जवाब में कहा कि हलवासिया विद्या विहार प्रतिष्ठित स्कूल है। मैनेजमेंट का झगड़ा था। कोर्ट में केस है। दोनों ग्रुप में कोई समझौता हुआ है। दोनों ही सामूहिक रूप से इकट्ठा होना चाहिए।

तोशाम से कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने 20 किलोमीटर के दायरे में कालेज बनाने की मांग की और सरकार से पूछा है कि क्या वह अपने वर्तमान कार्यकाल में इस दिशा में कार्य करेगी। इस पर शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि सीएम ने 22 कालेज बनाने की घोषणा की है, जिसमें से 16 पर काम चल रहा है। छह पर जल्द काम शुरू होगा हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सदन में जानकारी दी कि यूके के दस सदस्सीय प्रतिनिधिमंडल ने यहां का दौरा किया है। यह हरियाणा में हारवेस्ट मैनेजमेंट देखने के लिए आया हुआ है।

Related Articles

Back to top button