देश

MP में स्वागत कराने और भाषण सुनने नहीं आया हूं : अमित शाह

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार सुबह 9 बजे विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया, इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद थे। इसके बाद रास्ते में उनका स्वागत हुआ और करीब 12 बजे वो बैठक स्थल पर पहुंच पाए। स्वागत और भाषणों की इस लंबी प्रक्रिया से शाह नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि वे मप्र में स्वागत कराने और भाषण सुनने नहीं आए हैं।

समय के मामले में पाबंद माने जाने वाले अमित शाह की पहली बैठक डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुई। स्वागत भाषण के दौरान शाह ने नंदकुमार सिंह चौहान को टोका और कहा कि ज्यादा भूमिका मत बनाइए। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ही उनका स्वागत कर बैठक शुरू की। बैठक में केंद्रीय पदाधिकारी, कोर ग्रुप के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश प्रवक्ता, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष, संभागीय संगठन मंत्री, मोर्चा के प्रदेध अध्यक्ष, विभाग, प्रकोष्ठ और प्रकल्पों के प्रदेश संयोजक और पार्टी प्रभारी उपस्थित रहे।

स्टेट हैंगर और बैठक स्थल पहुंचने के बीच उन्होंने लालघाटी में पं. दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति का अनावरण किया। इसके बाद बड़े तालाब पर पहुंचकर राजा भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली भी निकाली।

भाजपा जहां शाह के दौरे को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है वहीं कांग्रेस भी इस हलचल पर नजर गड़ाए हुए है। अपने दौरे में शाह मंत्रियों के परफॉरमेंस पर भी बात करेंगे, जिसका असर अगले मंत्रिमंडल विस्तार पर पड़ने की संभावना है। शाह शुक्रवार को जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा के यहां दोपहर का भोजन करेंगे तो शनिवार को वे सीएम हाउस में संतों के साथ भोज में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के लिए देश के दो सौ बड़े संतों को आमंत्रित किया गया है।

Related Articles

Back to top button