यूपी कांग्रेस में कलह: बेनी-पुनिया ने एक-दूसरे को ललकारा, चौतरफा विरोध

Hits: 57 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

up-congress-benny-punia-challengedलखनऊ. केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा और कांग्रेस सांसद पी. एल. पुनिया के बीच की तनातनी यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दिन सामने आ गई। यहां वोट डालने के बाद कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि, पुनिया पंजाब से आए हैं। उनका बाराबंकी से कोई लेना-देना नहीं है। उनका यहां क्या काम है? बाराबंकी में हमारे लोग हैं। वो हमें सपोर्ट कर रहे हैं। हम यहां सभी सीटें जीत रहें हैं। बेनी के इस बयान की कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और श्रावस्ती से सांसद विनय पांडेय ने कड़ी निंदा की है।

बाराबंकी में वोट डालने के बाद विशेष विमान से जौनपुर जा रहे कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया ने फोन पर कहा, 'यदि मैंने इतिहास खंगाला तो सबके लिए मुश्किल खड़ी हो जाएगी। कौन-कहां का है, यह सबको पता चल जाएगा। मैं भले ही पंजाब का रहने वाला हूं, लेकिन मेरी और मेरी बेटी की शादी बाराबंकी में हुई है। मैं बाराबंकी में सालों से रह रहा हूं। यहां का वोटर हूं। यहां का सांसद हूं। ऐसे में बाहर से आना कोई मुद्दा नहीं है। आज वोटिंग हो रही है। इस दिन किसी को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए।'

बेनी प्रसाद वर्मा द्वारा पीएल पुनिया पर दिए बयान पर दुख जताते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि, पीएल पुनिया पर बेनी प्रसाद वर्मा का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। वह बाराबंकी के चुने हुए सांसद हैं। ऐसे में वह कहां से आए हैं इसका कोई सवाल ही नहीं उठता।

श्रावस्ती से कांग्रेस सांसद विनय पांडेय ने कहा, 'बेनी प्रसाद वर्मा को अनुशासन में रहकर बयान देना चाहिेए। वह सपा से आए हैं, इसलिए वहां की सभ्यता को भूले नहीं हैं। उन्हें कांग्रेस की परंपरा और संस्कृति को अपना लेना चाहिए। सपा से निकलने के बाद उन्होंने अपने बेटे के साथ एक पार्टी बनाई थी। उसका क्या हश्र हुआ सभी जानते हैं। बाराबंकी में भी उन्हें कोई नहीं पूछता। यूपी की जनता राहुल और सोनिया गांधी के नाम पर वोट देती है।'

बताते चलें कि आज सुबह वोट डालने के बाद केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा, 'पीएल पुनिया पंजाब से आए हैं। बाराबंकी में हमारे लोग हैं। इसलिए हमारा जीतना निश्चित है। मेरा बेटा भी भारी मतों से जीत हासिल करेगा। उसके विरोधियों की जमानत जब्त हो जाएगी। हम सभी सीटों पर जीत रहे हैं।'