भंवरी केस: विरोध किया तो सीबीआई ने अपनाया दूसरा रास्ता

Hits: 49 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Bnvri case: CBI adopted another way to protestजोधपुर.एएनएम भंवरी अपहरण व हत्याकांड में इंद्रा की गिरफ्तारी के लिए सीबीआई ने लूणी विधायक मलखान सिंह विश्नोई के पुत्र महेंद्र व भतीजे श्रवण पर दबाव बना रखा है। इन दोनों को रविवार को दिन-भर सर्किट हाउस में बैठाए रखा गया।

उधर, पूर्व मंत्री स्व. रामसिंह विश्नोई की पत्नी को बार-बार बुलाने के विरोध में विश्नोई समाज ने आंदोलन किया तो सीबीआई अब उनके परिजनों को विधिवत नोटिस देकर बुलाने लगी है। रविवार सुबह सीबीआई ने मलखान सिंह के बेटे महेंद्र को नोटिस देकर सर्किट हाउस बुलाया। महेंद्र के साथ उनके चचेरे भाई श्रवण को भी दिन-भर सर्किट हाउस में बैठाए रखा और इंद्रा के बारे में पूछताछ की।

रेशमाराम को आज पेश करेंगे

इंद्रा के सहयोगी शिक्षक रेशमाराम विश्नोई को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। करीब तीन माह तक फरार रहने के बाद रेशमाराम ने 27 जनवरी को सीबीआई के समक्ष समर्पण किया था, तब से वह रिमांड पर चल रहा है।सोमवार को उसका रिमांड खत्म हो रहा है इसलिए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

सीबीआई श्रवण के पिता छोगाराम की भी तलाश कर रही है जो इंद्रा को लाने का कह कर गायब हो चुके हैं। इंद्रा के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए उसके घर काम करने वाली नौकरानी व उसके पति से भी पूछताछ की गई।

सीबीआई ने भाजपा के पूर्व नेता शंभूसिंह खेतासर को भी पूछताछ के लिए हाजिर होने का नोटिस दिया है। सीबीआई की मुख्य प्रवक्ता धारिणी मिश्रा के अनुसार पूर्व में समन की अनदेखी करने के कारण रविवार को उनके घर जाकर नोटिस दिया गया है। खेतासर पिछले दो दिन से अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार रात को उनकी पजेरो गाड़ी फलौदी थाना क्षेत्र के मंडला गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। फलौदी थानाधिकारी ओपी उज्ज्वल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी बामणु गांव में खेतासर के रिश्तेदार के यहां रखी हुई है।

पूर्व भाजपा नेता खेतासर तलब

भंवरी मामले में सीबीआई ने भाजपा के पूर्व नेता शंभुसिंह खेतासर को पूछताछ के लिए हाजिर होने का नोटिस दिया है। उधर, शुक्रवार रात सड़क हादसे में घायल होने के बाद खेतासर अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती हैं। अपहरण के बाद हुए आंदोलन व भंवरी के पति अमरचंद की सहायता करने के मामले में सीबीआई खेतासर से दो बार पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई ने उन्हें शुक्रवार को फिर बुलाया था, मगर वे नहीं आए। तब सीबीआई ने उन्हें दो समन और भेजे, फिर भी खेतासर हाजिर नहीं हुए।