रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने एक अभियान के दौरान नक्सलियों के लिए बम बनाने वाली एक फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने यहां से लगभग तीन सौ किलोग्राम विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है।
कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक राहुल भगत ने बताया कि जिले के धुर नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र के बीनागुंडा और उच्चे कोटी गांव में पुलिस ने शुक्रवार को छापा मारा और वहां एक बम बनाने की फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस ने वहां से लगभग तीन सौ किलोग्राम विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है।
भगत ने बताया कि तीन दिन पहले सीमा सुरक्षा बल, जिला बल और एसटीएफ के संयुक्त दल को अबूझमाड़ क्षेत्र में रवाना किया गया था। पुलिस दल इस क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाते हुए जब बीनागुंडा और उच्चे कोटी गांव के करीब पहुंची तब वहां नक्सली प्रशिक्षण शिविर और बम बनाने की फैक्ट्री होने की जानकारी मिली।
पुलिस दल जब गांव के करीब पहुंची तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की और वहां से फरार हो गए। गोलीबारी में पुलिस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। नक्सलियों के फरार होने के बाद जब पुलिस दल ने घटनास्थल पर छानबीन शुरू की तब वहां बड़े ड्रमों में रखे लगभग तीन सौ किलोग्राम विस्फोटक ,जिसमें अमोनियम नाइट्रेट, टीएनटी और पीके स्लैब्स शामिल हैं, साथ ही भारी मात्रा में डेटोनेटर, दो सौ मीटर कारडेक्स वायर बरामद किया गया।


