हिसार. बरवाला से उकलाना रोड पर तीन किलोमीटर दूर बारात की सूमो व टै्रक्टर-ट्राली के बीच हुई भिड़ंत में तीन की मौत हो गई, जबकि नौ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार नरवाना के बेलरखां गांव निवासी कुलदीप की शादी हिसार निवासी रूबी के साथ तय हुई थी। गांव से देर रात बारात गाजे-बाजे के साथ बारात विदा हुई। बारात की एक सूमो में दूल्हे का भाई राजेन्द्र सिंह,उसका बेटा शुभम, साला मोहन सिंह, गांव के ही बच्चे अंकित, साहिल, सौरभ, विशाल, होशियार सिंह, सोनू व राममेहर सहित 13 व्यक्ति सवार थे।
बारात में शामिल यह लोग खुशी-खुशी हिसार की ओर आ रहे थे कि बरवाला से तीन किलोमीटर पहले पराली से भरी एक टै्रक्टर-ट्राली के साथ उनकी भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में दूल्हे के भाई राजेन्द्र, उसके साले मोहन व राममेहर की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस घायलों को हिसार के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे की सूचना मिलते ही पंजाबी धर्मशाला में सजे मंडप में मायूसी छा गई और हर कोई सामान्य अस्पताल की ओर भाग पड़ा। वहीं दूल्हा बने कुलदीप सिंह की हालात भी किसी से देखी नहीं जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शी धूपा सिंह व टेकराम ने बताया कि वह अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा करके होटल पर खाने के लिए जा रहे थे। इस दौरान धमाके की आवाज हुई। आवाज सुनकर जब पीछे मुड़े तो एक क्षतिग्रस्त सूमो तेजी के साथ उनकी ओर आई। इससे पहले ही वह लोग संभल पाते सूमों ने धूपा सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। धूपा सिंह को भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। देर रात पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई थी।


