दिल्ली: चलती कार में नाबालिग से बलात्कार, 2 गिरफ्तार

Hits: 68 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Delhi rape of minor in moving car, 2 arrestedनई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में चलती कार में एक नाबालिग के साथ दो लोगों ने बलात्कार किया। दिल्ली की सड़कों पर दोनों आरोपी कार में नाबालिग को 5 घंटे तक घुमाते रहे और देर रात कंझावला के जंगलों में लड़की को छोड़कर भाग गए। आरोपी का नाम हेतल और अमित है। दोनों मंगोलपुरी के रहनेवाले हैं और पीड़ित लड़की के जीजा के दोस्त हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम किशोरी दूध लेने के लिए घर से निकली थी। लगभग साढ़े सात बजे जब वह कराला स्थित उत्सव विहार के नजदीक पहुंची तो कार सवार दो युवक उसे जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। अधिकारी के मुताबिक घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पीसीआर को दे दी, जिसके बाद बाहरी दिल्ली जिले की पुलिस हरकत में आई और संदिग्ध कार की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान दोनों आरोपी किशोरी को पांच घंटे तक कार में घुमाते रहे। इस बीच दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी इस दौरान नरेला, बवाना, कंझावला इलाकों में कार ले गए। दोनों आरोपियों ने रात साढ़े 12 बजे किशोरी को कंझावला के जंगलों में फेंक दिया। इसके बाद देर रात जैसे-तैसे पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को मामले से अवगत कराया। पीड़ित के परिजनों ने कंझावला थाने में मामला दर्ज कराया। किशोरी का मेडिकल कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान मंगोलपुरी निवासी मनोज उर्फ हेतल और अमित के रूप में हुई है।

मनोज ऑटो चलाने का काम करता है, जबकि अमित की अपनी गाड़ियां हैं, जिसे वह किराए पर देता है। दोनों पर दिल्ली के विभिन्न थानों में 8 से 10 मुकदमे दर्ज हैं।