मुंबई की एक अदालत ने अदनान पटरावाला हत्याकांड में आरोपी 4 लोगों को सोमवार को बरी कर दिया। मुंबई के इस बहुचर्चित हत्याकांड में चारों आरोपियों सुजीत नायर, अमित कौशल, आयुष भट्ट, राजीव धारिया के खिलाफ सबूत पेश करने में नाकाम रहने के बाद कोर्ट ने आरोपियों को बरी कर दिया।
अदनान पटरावाला की हत्या के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक नाबालिग था और उसका केस जूवेनाइल कोर्ट में चल रहा है।
अभियोजन पक्ष ने ट्रायल कोर्ट के इस फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है। अदनान के पिता ने इस फैसले को चौंकानेवाला बताया।
मुंबई के बिल्डर असलम पटरावाला के 16 साल के बेटे अदनान की 19 अगस्त 2007 को कथित तौर पर उसके दोस्तों द्वारा हत्या कर दी गई थी। खबरों के अनुसार आरोपियों ने पहले अदनान से दोस्ती की और बाद में उसका अपहरण कर लिया।
आरोपियों ने अदनान के परिवार से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। बाद में पुलिस ने अदनान की लाश नवी मुंबई के पाम बीच रोड से बरामद की। अदनान की गला घोंट कर हत्या की गई थी। अपहरण की खबर टीवी चैनलों पर देखकर अपहणर्ता घबरा गए और उन्होंने बाद में अदनान की हत्या कर दी।


