पश्चिम जिले के रणहौला इलाके में एक महिला से फिर गैंग रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जिस युवक के घर में इस वारदात को अंजाम दिया गया है, वह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को रणहौला स्थित दीपक विहार इलाके में एक 22 वर्षीय महिला अपने चाचा के घर जा रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसको अपने घर के अंदर खींच लिया, जहां दो अन्य युवक पहले से ही मौजूद थे। इसके बाद, तीनों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
जब महिला ने विरोध जताया तो युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और भाग गए। महिला ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित का मेडिकल कराया गया है, जिसमें गैंग रेप की पुष्टि हो गई है।
महिला के बयान पर तीन युवकों को नामजद किया गया। उसमें से रिंकू व एक अन्य को पुलिस ने दबोच लिया है, जबकि जिस लड़के के मकान में आरोपियों ने दुष्कर्म किया वह अभी फरार है।


