भोपाल। बाणसागर परियोजना में पदस्थ एक्जीक्युटिव इंजीनियर महेंद्र यादव के विभिन्न ठिकानों पर शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारा। यादव के रीवा स्थित घर से करीब 5 लाख रुपए नकद मिले हैं।
लोकायुक्त रीवा एसपी मिथलेश कुमार शुक्ला के अनुसार छापे में नोएडा (दिल्ली), ग्वालियर और भोपाल में मकान की जानकारी मिली है। इन तीनों स्थानों पर भी तलाशी के लिए टीम भेजी गई है।
भोपाल में शाहपुरा में मनीषा मार्केट के समीप स्थित मकान नंबर बी-48 की तलाशी के लिए भी टीम पहुंची थी, लेकिन घर के किसी सदस्य के मौजूद नहीं होने से तलाशी नहीं हो सकी। छापे की कार्रवाई में अब तक दो महंगी गाडिय़ां, शिवपुरी में कृषि भूमि के साथ घर पर जेवर और विलासिता का अन्य सामान भी मिला है। कार्रवाई अभी जारी है।
गुना में भी यादव का एक मकान होने संबंधी कागजात मिले हैं। ग्वालियर में भी मकान होने का सबूत है, लेकिन ग्वालियर में सुबह 11 बजे तक लोकायुक्त की टीम नहीं पहुंच सकी थी।
- रीवा की बाणसागर परियोजना में ईई पदस्थ हैं महेंद्र यादव


