देश

समाज को बदलने आगे आये जन अभियान परिषद : मुख्यमंत्री

भोपाल। शारदा विहार में परिषद के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर सीएम ने कहा कि, समाज को बदलने के लिये जनअभियान परिषद आगे आये। महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण, जल-संरक्षण और सामाजिक समरसता के प्रति सामाजिक चेतना जागृत करने का कार्य करें।

शारदा विहार में परिषद के राज्य, संभाग, जिला और विकासखंड स्तरीय समन्वयकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि, परिषद वार्षिक कार्य-योजना बनाकर इस दिशा में कार्य करें। महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य में अनेक कार्य किए गए हैं। अपेक्षित परिणाम के लिए इन कार्यों के साथ ही समाज की सोच में बदलाव की जरूरत है। इसी तरह पर्यावरण और जल-संरक्षण के प्रति जन-चेतना जागृत किया जाना जरूरी है।

‘पौध-रोपण के कार्य में जनता को जोड़ने का प्रयास’
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, नर्मदा सेवा मिशन से नदी और पर्यावरण-संरक्षण के प्रति प्रदेश में नई चेतना का निर्माण हुआ है। इसे बनाए रखना आवश्यक है। आगामी जुलाई माह में पौध-रोपण के कार्य में अधिक से अधिक जनता को जोड़ने का प्रयास किया जाए। इसी तरह जल-संसद के बाद विस्तृत कार्य-योजना बनाकर जन अभियान परिषद जल-संरक्षण का अभियान चलाएं।

‘सामाजिक समरसता का वातावरण बनाने का काम करें’
मुख्यमंत्री ने देश विरोधी विघटनकारी शक्तियों के प्रति भी आगाह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश जिस गति से प्रगति कर रहा है। उससे शीघ्र ही उसका विश्व में नंबर एक देश बनना निश्चित है। इससे कई राष्ट्र विरोधी शक्तियां विचलित हैं। वह समाज को विघटित करने के कार्य कर रही हैं। ऐसे में सामाजिक समरसता का वातावरण बनाने का कार्य परिषद करें।

‘कोई भी पात्र योजना के लाभ से न रहे वंचित’
असंगठित मजदूरों के कल्याण के लिए संचालित योजना की जानकारी देते हुए, उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। सीएम ने परिषद की सराहना करते हुए कहा कि, परिषद प्रदेश का सबसे विश्वसनीय आदर्श संगठन है। उन्होंने युधिष्ठिर-यक्ष संवाद, गीता के श्लोक और मंदिर निर्माण में लगे श्रमिकों के प्रसंगों के माध्यम से समन्वयकों को सफलता पूर्वक कार्य करने के लिये दृष्टिकोण, कार्य-शैली और उद्देश्यों के प्रति समर्पण की आवश्यकता और महत्ता को बताया।

‘कार्यकर्ता निरंतर क्षेत्र में करें भ्रमण’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्य-क्षेत्र में सफलता के लिए कहा कि, कार्यकर्ता निरंतर क्षेत्र में भ्रमण करें। वह धैर्यवान हो। उसका व्यवहार सबके साथ मधुर हो। वह सात्विक कार्यकर्ता की भांति राग-द्वेष, लोभ-प्रलोभ, मान-अभिमान से निरपेक्ष रह कर कार्य करें। बताया गया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण 21 अप्रैल को प्रारंभ हुआ, जिसमें राज्य से लेकर विकासखण्ड स्तर के समन्वयकों ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button