बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-खैरपोखर रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार को तड़के रेल पटरी के क्षतिग्रस्त होने के कारण एक मालगाड़ी के तीन डब्बे पटरी से उतर गए, जिससे इस मार्ग पर रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हो गया।
पुलिस के अनुसार करीब दो बजे पीपराढ़ाला के पास एक मालगाड़ी की गार्ड बोगी समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे मुजफ्फरपुर-गोरखपुर रेलखंड पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। घटनास्थल पर पटरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।बगहा रेलवे स्टेशन के अधीक्षक जय कुमार प्रसाद ने बताया कि पटरी मरम्मत का कार्य चल रहा है तथा जल्द ही इस मार्ग पर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है परंतु प्रथम दृष्टया पटरी के क्षतिग्रस्त होने के कारण दुर्घटना होने की संभावना है।


