पहली बार कोई आदमी अंतरिक्ष से बिना किसी मशीन की मदद लिए धरती पर कूदने की योजना बना रहा है। ऑस्ट्रिया के नागरिक फेलिक्स बॉमगार्टनर को एक गुब्बारे के जरिए पृथ्वी से करीब 37 किलोमीटर ऊपर पहुंचाया जाएगा। छलांग लगाने के बाद बॉमगार्टनर करीब 1100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की रफ्तार से धरती की तरफ आएंगे।
छलांग लगाते वक्त वह दबाव वाला एक सूट पहने होंगे। इस सूट में विशेष एयर प्रेशर बनाकर रखा जाएगा और सांस लेने के लिए ऑक्सिजन की सप्लाई होगी। यह उसी तरह का सूट होगा जैसा अंतरिक्ष यात्री पहनते हैं लेकिन यह उससे ज्यादा मजबूत और लचीला होगा। इस सूट को ज्यादा ठंड से भी बचाना होगा क्योंकि उस ऊंचाई पर तापमान सामान्य से 70 डिग्री नीचे यानी माइनस 70 डिग्री सेंटिग्रेड हो जाता है।
उनके साथ इस योजना पर काम कर रहे इंजिनियरों का कहना है कि सभी टेस्ट किए जा चुके हैं। जैसी परिस्थितियों का बॉमगार्टनर को सामना करना पड़ सकता है, उनका अभ्यास भी किया गया है। बॉमगार्टनर का कहना है, इसका मतलब यह है कि मैं यह करतब करके दिखा सकता हूं। सारी तैयारी हो चुकी है। '
बॉमगार्टनर इससे पहले मलेशिया के पेट्रोनास टावर से छलांग लगा चुके हैं।


