भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का दो लाख 20 हजार डॉलर के पटाया ओपन टेनिस स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन जारी है। वे सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल के साथ-साथ डबल्स के सेमीफाइनल में भी प्रवेश कर चुकी हैं।
गैर वरीयता प्राप्त सानिया ने एक और उलटफेर करते हुए विश्व की 88वें नंबर की खिलाड़ी ब्रिटेन की एनी कूथावोंग को लगातार सेटों में 6-4, 7-5 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली। विश्व की 111वें नंबर की खिलाड़ी सानिया ने मुकाबला एक घंटे 40 मिनट में जीता।
सानिया का क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की क्वालीफायर सू वेई सी के साथ मुकाबला होगा। डबल्स में शीर्ष वरीय सानिया ने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार अनास्तासिया रोदियोनोवा के साथ थाईलैंड की वरातचाया और वरन्या वोंगतीनचेई को 57 मिनट में 6-4, 6-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बना ली।


