जोकोविच ने जीता आस्ट्रेलियन ओपन खिताब‎

Hits: 31 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Djokovic won the Australian Open titleमौजूदा समय में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त सर्बियाई टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन का एकल खिताब जीत लिया है। जोकोविच ने पिछले वर्ष भी इस स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया था। दूसरी ओर, भारत के लिएंडर पेस और रूस की एलेना वेस्नीना की जोड़ी को मिश्रित युगल स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा है।

टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, रविवार को खेले गए एकल स्पर्धा के फाइनल में जोकोविच ने मैराथन मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त नडाल को 5-7, 6-4, 6-2, 6-7(5-7), 7-5 से हराया। जोकोविच ने इस मुकाबले को लगभग छह घंटे में अपने नाम किया।जोकोविच ने सेमीफाइनल में विश्व के चौथी वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के एंडी मरे को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था।

पिछले वर्ष जोकोविच ने कुल तीन ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए थे जिनमें आस्ट्रेलियन ओपन, विम्बलडन और अमेरिकी ओपन शामिल हैं। जोकोविच ने पिछले वर्ष नडाल को विम्बलडन और अमेरिकी ओपन के फाइनल में भी मात दी थी।

मिश्रित युगल स्पर्धा में, अमेरिका की बेथानी माटेक-सेंड्स और रोमानिया के होरिया टेकाऊ की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पेस और वेस्नीना की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-3, 5-7, 10-3 से पराजित किया।पहला सेट 3-6 से गंवाने के बाद पेस और वेस्नीना की जोड़ी ने दूसरा सेट 7-5 से अपने नाम किया, लेकिन सुपर टाइब्रेक में सेंड्स और टेकाऊ की जोड़ी ने 10-3 से बाजी मारकर खिताब अपने नाम कर लिया।इस दौरान पेस इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में ग्रैंड डबल हासिल करने की उपलब्धि से भी चूके गए।

पेस ने वर्ष 1999 में विम्बलडन का युगल (महेश भूपति के साथ) और मिश्रित युगल (लिजा रेमंड) खिताब अपने नाम किया था। पेस चौथी बार मिश्रित युगल के फाइनल में पहुंचे थे। फाइनल में वह दो बार जीते हैं तो इतने ही बार उन्हें हार का सामना भी करना पड़ा है।पेस ने शनिवार को अपने चेक गणराज्य के जोड़ीदार राडेक स्टेपानेक के साथ युगल स्पर्धा के फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिका के बॉब और माइक ब्रायन की जोड़ी को 7-6(7-1), 6-2 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया था।

उल्लेखनीय है कि पेस अब तक 13 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर चुके हैं जिनमें सात युगल और छह मिश्रित युगल खिताब शामिल हैं। पेस के खजाने में मिश्रित युगल स्पर्धा में फ्रेंच ओपन ग्रैंड स्लैम खिताब की कमी है।