बर्न। इंग्लैंड के स्टार स्ट्राइकर वेन रूनी पर यूरोपीय फुटबाल संघ ने एक क्वालीफाइंग मैच के दौरान हाथापाई करने के आरोप में तीन अंतरराष्ट्रीय मैचों का प्रतिबंध लगा दिया है जिससे वह यूरो 2012 के ग्रुप स्टेज मैचों में नहीं खेल पाएंगे। यूरोपीय फुटबाल की संचालन परिषद ने एक बयान में कहा कि स्ट्राइकर पर अगले वर्ष यूईएफए के तीन मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इंग्लैंड और मोंटेनेगरो के बीच गत शुक्रवार को क्वालिपफाइंग मैच के दौरान रूनी को एक खिलाड़ी के साथ हाथापाई करने के बाद बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। उस समय इंग्लैंड मैच में 2-1 की बढ़त के साथ खेल रहा था और रूनी ने अपनी टीम की ओर से दोनों गोल दागे थे लेकिन मैच के 74वें मिनट में उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा और इंग्लैंड को क्वालिफाई करने का मौका मिल गया। संघ के इस निर्णय के खिलाफ अपील करने के लिए इंग्लैंड के पास तीन दिन का समय है। इंग्लैंड फुटबाल संघ ने कहा है कि वह पूरे प्रकरण के बारे में जांच पड़ताल के बाद ही कोई निर्णय लेंगे। इंग्लैंड के सबसे शानदार स्ट्राइकरों में से एक रूनी को इससे पहले 2006 विश्वकप में भी मैच के दौरान मैदान से बाहर कर दिया गया था।


