बोनस अंक के साथ जीता श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से रौंदा

Hits: 51 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Sri Lanka beat Australiaगेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान महेला जयवर्धने [नाबाद 61] की जबर्दस्त पारी की बदौलत श्रीलंका ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के छठवें मैच में डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर आस्ट्रेलिया को 101 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट में न सिर्फ अपनी पहली जीत दर्ज की बल्कि बोनस अंक भी हासिल कर लिया।

लगातार दो नजदीकी हार और एक मैच टाई होने के बाद आज के मैच में तिलकरत्ने दिलशान [45] और जयवर्धने [67 गेंद, 5 चौका] ने 11.4 ओवर में 74 रनों की साझेदारी की। शानदार शुरुआत के दम पर श्रीलंका ने 24.1 ओवर में दो विकेट खोकर 152 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पूर्व श्रीलंकाई गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के आगे महज 95 रन पर सात विकेट गिर जाने के बाद डेविड हसी [58 रन, 6 चौका] ने पुछल्ले बल्लेबाज मिशेल स्टार्क [17] के साथ नौवें विकेट के लिए 49 रनों की उपयोगी साझेदारी की।

लेकिन आस्ट्रेलिया की पूरी टीम 40.5 ओवर में 158 रन पर आल आउट हो गई। डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर श्रीलंका को जीत के लिए 152 रनों के लक्ष्य तय किया गया। बारिश से बाधित यह मैच 41-41 ओवर का खेला गया। डेविड हसी ने साहसिक बल्लेबाजी करते हुए सीरीज में तीसरा और करियर का नौंवा अर्धशतक जमाया। डेविड टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। श्रीलंका की तरफ से फरवीज माहरुफ और थिषारा परेरा ने दो-दो विकेट लिए। आस्ट्रेलिया के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।

नियमित कप्तान माइकल क्लार्क के चोटिल होने के कारण आस्ट्रेलियाई टीम की कमान रिकी पोंटिंग ने संभाली लेकिन अपनी टीम की लगातार दूसरी हार को टालने में नाकाम रहे। टूर्नामेंट में चार मैचों में श्रीलंका की यह पहली जीत है। उसे दो में हार मिली जबकि एक मैच टाई रहा। वहीं आस्ट्रेलिया को इतने ही मैचों से दो में जीत व दो में हार मिली है। भारत ने चार में से दो में जीत हासिल की है।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका की नई सलामी जोड़ी ने टीम को निराश नहीं किया और तिलकरत्ने दिलशान [44 रन] के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान जयवर्धने [नाबाद 61] ने सधी हुई शुरुआत की और टूर्नामेंट में पहली बार अपनी टीम के लिए 74 रनों को अर्धशतकीय शुरुआत कराई। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कंगारू गेंदबाजों पर खासा दबाव बनाया। दिलशान पहली बार सीरीज में लय में दिखे और 41 गेंदों में चार चौका व एक छक्का जड़ा।

हालांकि मात्र एक रन से वह अपने अर्धशतक से चूक गए। दिलशान क्लिंट मैक्के की गेंद पर डेविड के हाथों लपके गए। इसके बाद जयवर्धने ने कुमार संगकारा के साथ पारी को आगे बढ़ाया और टीम तेजी से खेलते हुए टीम को जीत की ओर ले गए। संगकारा [30] ने इस बीच वनडे करियर में अपने 10 हजार रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह श्रीलंका के तीसरे क्रिकेटर और दुनिया के 10वें बल्लेबाज बन गए। संगकारा इस बीच तेज खेलने के प्रयास में ब्रेट ली की गेंद पर डोहर्टी को कैच थमा बैठे। दूसरी तरफ विजयी पारी खेलने वाले जयवर्धने को इस पारी में कई जीवनदान मिले जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने करियर का 63वां पचासा ठोका। जीत की औपचारिकता जयवर्धने और दिनेश चंडीमल [नाबाद 6] ने पूरी करते हुए श्रीलंका को आठ विकेट से जीत दिला दी।

इससे पूर्व टास जीतकर आस्ट्रेलिया पारी की शुरुआत करने उतरे डेविड वार्नर [15] जल्द ही अपना विकेट गंवा बैठे। लसिथ मलिंगा ने पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर वार्नर को फरवीज माहरुफ के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद कार्यवाहक कप्तान रिकी पोंटिंग भी मात्र दो रन का योगदान कर जल्द चलते बने। वह माहरुफ की गेंद पर काट एंड बोल्ड हो गए। इसके बाद 11वें ओवर में मैथ्यू वाडे [15] रन आउट हो गए। मेजबान टीम की लय बिगड़ने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों ने बल्लेबाजों पर जोरदार दबाव बना दिया। अनुभवी क्रिकेटर माइकल हसी [13] ने एक चौका व एक छक्का लगाकर टीम का रन रेट तेज करने की कोशिश की।

लेकिन छक्का लगाने के बाद एंजेलो मैथ्यूज की अगली ही गेंद पर विकेटकीपर संगकारा के हाथों लपके गए। भारत के खिलाफ करियर की शुरुआत में अर्धशतक लगाने वाले पीटर फोरेस्ट [16] आज अच्छी पारी खेलने में नाकाम रहे और 26 गेंदों में तीन चौका लगाने के बाद माहरुफ की गेंद पर स्लिप में मैथ्यूज को कैच थमा बैठे। आस्ट्रेलिया ने 21वें ओवर में मात्र 74 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। खराब शुरुआत के बाद आस्ट्रेलिया को अगले दो ओवर में दो जीवनदान भी मिले।

हालांकि टीम को दोहरे जीवनदान का कोई फायदा नहीं मिला और थिषारा परेरा ने डेनियल क्रिस्टियन [6] को एलबीडब्ल्यू कर चलता किया। 24वें ओवर में छह विकेट गिरने के बाद महज 15 गेंद ही फेंके जा सके थे कि भारी बारिश के कारण मैच में लगभग दो घंटे खेल बाधित रहा। इसके बाद मैच जब शुरू खेल 41-41 ओवर का कर दिया गया। हालांकि आस्ट्रेलिया ने मैच दुबारा शुरू होने के बाद रंगना हेराथ की गेंद पर क्लिंट मैक्के [3] का विकेट गंवा दिया। ब्रेट ली खाता खोले बगैर ही रन आउट हो गए।