एडिलेड। एडिलेड टेस्ट के तीसरे दिन भारत की बल्लेबाजी एक बार फिर पस्त हो गई। सचिन तेंदुलकर से बड़ी उम्मीद थी लेकिन सचिन सिर्फ 25 रन बनाकर पीटर सिडल का शिकार हो गए। उसके थोड़ी देर बाद गौतम गंभीर भी 34 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नेथन लायन ने वीवाएस लक्ष्मण को 18 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। भारत के 122 रन के स्कोर 5 विकेट गिर गए। ऐसे में एडिलेड टेस्ट में हार और सीरीज में एक क्लीन स्वीप होना लगभग तय है।
एससे पहले ऑस्ट्रेलिया के साथ एडिलेड ओवल मैदान पर जारी चार मैचों की श्रृंखला के अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन बुधवार को मेजबान टीम के 604 रन के जवाब में भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर 61 रन बना लिए थे। भारतीय टीम पहली पारी की तुलना में 543 रनों से पिछड़ रही थी। ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट के नुकसान पर 604 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर पहली पारी घोषित की।
भारत की ओर से पारी की शुरुआत कार्यकारी कप्तान वीरेंद्र सहवाग और गम्भीर ने की। सहवाग को पीटर सिडल ने 18 रन के निजी योग पर अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। सहवाग जब आउट हुए उस समय भारत का कुल स्कोर 26 रन था।
भारत का दूसरा विकेट राहुल द्रविड़ के रूप में गिरा। द्रविड़ एक रन बनाकर बेन हिल्फेनहास की गेंद पर बोल्ड हुए। द्रविड़ आस्ट्रेलिया में सात पारियों में छठी बार बोल्ड हुए। आस्ट्रेलिया दौरे में ही द्रविड़ ने टेस्ट मैचों में सबसे अधिक बार बोल्ड होने का अनचाहा रिकार्ड अपने नाम किया है और अब वह बॉर्डर से काफी आगे निकलते दिख रहे हैं। द्रविड़ अब तक 55 बार बोल्ड हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरे दिन के खेल की शुरुआत मंगलवार के नाबाद लौटे बल्लेबाज कप्तान माइकल क्लार्क (140) और पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (137) ने की। आस्ट्रेलिया ने पहले दिन के खेल की समाप्ति पर तीन विकेट पर 335 रन बनाए थे। क्लार्क 275 गेंदों पर 26 चौकों और एक छक्के की मदद से 210 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें उमेश यादव ने बोल्ड किया। क्लार्क और पोंटिंग ने चौथे विकेट के लिए 386 रन जोड़े।
मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज माइकल हसी 25 रन के निजी योग पर रन आउट हुए। हसी और पोंटिंग के बीच पांचवें विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद पोंटिंग को जहीर खान ने तेंदुलकर के हाथों कैच कराया। पोंटिंग ने 404 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से 221 रन बनाए। पीटर सिडल कुछ खास नहीं कर सके और वह दो रन के निजी योग पर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर विकेट कीपर वृद्धिमान साहा के हाथों लपके गए।
विकेट कीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन (42) और रेयान हैरिस (35) नाबाद लौटे। हेडिन ने 66 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के लगाए जबकि हैरिस ने 51 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने आठवें विकेट के लिए 71 रन जोड़े। भारत की ओर से दूसरे दिन यादव, जहीर और अश्विन ने एक-एक विकेट झटका।


