सिडनी।टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा के बाद कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा है कि कोई भी खिलाड़ी टीम में अपना स्थान स्थायी समझने की भूल नहीं करेगा। टीम में वही खिलाड़ी बना रहेगा, जो भारत के खिलाफ टेस्ट मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करेगा।
फिलिप ह्यूग्स और ईडी कोवान का उदारहण देते हुए क्लार्क ने कहा कि ह्यूग्स को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। पिछले कुछ मुकाबलों में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। वहीं, कोवान का पिछले कुछ मुकाबलों से अच्छा प्रदर्शन जारी है, जिसका परिणाम उन्हें मिला।
क्लार्क ने कहा कि कोवान एक अच्छे बल्लेबाज हैं। घरेलू स्तर पर लगातार बढ़िया प्रदर्शन करने के कारण उन्हें आगे बढ़ाने की जिम्मेदार चयनकर्ताओं की है, जो उन्होंने की। इसलिए कोई भी खिलाड़ी यह समझने की भूल नहीं करेगा कि वह टीम में स्थायी तौर पर है।
इसके साथ ही उन्होंने शेन वाटसन के बारे में बताया कि हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वे 26 दिसंबर से शुरू हो रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। यह उम्मीद है कि दूसरे टेस्ट के दौरान वे पूरी तरह फिट हो जाएंगे और टीम में उनकी वापसी हो जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि बैटिंग कैंप में खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने को मिल रहा है।


