राहुल द्रविड़ के शानदार अंतरराष्ट्रीय कैरियर का अंत शायद आज हो गया हो क्योंकि वे जल्द ही संन्यास की घोषणा कर सकता है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया में खराब प्रदर्शन की वजह से राहुल द्रविड़ अब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को बाय-बाय करने का इरादा कर रहे हैं.
ऑस्ट्रेलिया में द्रविड़ का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने आठ पारियों में 196 रन बनाए हैं.
माना जा रहा है 39 साल के द्रविड़ ने आज यहां आस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम टेस्ट में एक और असफलता के बाद टीम के कुछ साथियों से कहा कि उन्होंने अलविदा कहने का मन बना लिया है. हालांकि उनसे संपर्क नहीं किया जा सका.
राहुल आज 25 रन पर आउट हुए. क्रिकेट के महान खिलाड़ियों से एक द्रविड़ दूसरे भारतीय बल्लेबाजों की तरह मौजूदा चार टेस्ट मैचों की सीरीज में खराब फॉर्म में है.
भारतीय टीम मेजबान ऑस्ट्रेलिया से क्लीन स्वीप की कगार पर खड़ी है.
द्रविड़ ने पहले ही वन-डे क्रिकेट और 20-20 से अपने संन्यास की घोषणा कर दी है.
द्रविड़ 13,288 रन से सचिन तेंदुलकर (15,470 रन) के बाद टेस्ट इतिहास में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं.
उन्होंने 36 टेस्ट शतक बनाए हैं जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 270 रन का है.
द्रविड़ ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्डस में 1996 के अपने आगाज के बाद टेस्ट इतिहास में 164 टेस्ट मैचों में 210 से सबसे ज्यादा कैच भी लिए हैं. उन्होंने दिसंबर 2005 से अगस्त 2007 तक भारतीय टीम की कप्तानी भी की.
भारतीय अनुभवी खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण पर भी सवालिया निशान लगा हुआ है, उनका भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा सीरीज में खराब प्रदर्शन रहा है. हालांकि उनके भविष्य की योजना पर अभी कुछ बात नहीं हुई है.


