दैनिक जागरण के अंग्रेजी पोर्टल में तैनात सीनियर सब एडिटर अंजनी का मुसीबत पीछा नहीं छोड़ रही है। कुछ दिनों पहले ही जागरण पोस्ट के संपादक के साथ हुए बदसलूकी से वह उबरे भी नहीं थे कि इंदिरापुरम स्थित पत्रकार विहार के सामने बुधवार सुबह तीन मोटरसाइकिल पर सवार 9 बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें लूट लिया। सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घटना को लेकर इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
इंदिरापुरम स्थित ज्ञान खंड-एक के प्लाट संख्या 334 के दीप्ति गौरव में रहने वाले जागरण पोस्ट में वरिष्ठ उपसंपादक अंजनी कुमार झा सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर पत्रकार विहार से गुजर रहे थे, तभी तीन मोटरसाइकिल पर सवार नौ बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इनमें से छह बदमाशों ने अंजनी कुमार झा से पर्स और अंगूठी लूट ली। झा ने बताया कि बदमाश हथियारों से लैस थे। तमंचा दिखाकर उसने पर्स में रखे पांच सौ रुपये, एटीएम कार्ड व सोने की अंगूठी लूट लिए और फरार हो गए। बदमाशों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई लेकिन उसने मौके पर पहुंचना मुनासिब नहीं समझा। पुलिस बदमाशों की तलाश में छापामारी कर रही है।


