ब्रिटेन के सबसे प्रतिष्ठित अखबारों में शामिल ‘द टाइम्स’ भी फोन हैकिंग मामले की जांच के दायरे में आ गया है। मीडिया मुगल रुपर्ट मर्डोक के ग्रुप के इस अखबार पर भी निजी ईमेल हैक कर अवैध तरीके से सूचनाएं जुटाने के आरोप लग रहे हैं।
अनैतिक तरीकों से खबरें हासिल करने के चलन के खिलाफ अभियान चला रहे लेबर पार्टी के सांसद टॉम वाटसन ने गुरुवार को कहा, पुलिस ने पुष्टि की है कि हैकिंग मामले में ‘द टाइम्स’ के खिलाफ भी जांच की जा रही है। अखबार के संपादक जेम्स हार्डिग ने हाल में बताया था कि उनके एक रिपोर्टर को अनधिकृत तरीके से निजी ईमेल हैक करने के लिए चेतावनी दी गई थी।
पिछले हफ्ते इस मामले में मर्डोक गु्रप के ही ‘द सन’ अखबार के चार पत्रकारों को गिरफ्तार किया गया था। उन पर सनसनीखेज खबरों के बदले पुलिस को पैसे देने का आरोप है। मर्डोक के न्यूज कॉरपोरेशन के मालिकाना हक वाले अखबारों में फोन हैकिंग से जुड़े इस मामले में अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फोन हैकिंग मामला उजागर होने पर मर्डोक को पिछले साल अपना टेबलॉयड अखबार ‘न्यूज ऑफ द वर्ल्ड’ बंद करना पड़ा था।


