देश के शहरी इलाकों में सोशल मीडिया के प्रति युवाओं की दिलचस्पी घटी है। अब वे फेसबुक, गूगल प्लस, ट्विटर, ऑर्कुट, लिंक्डइन, माइस्पेस, हाइ 5 और बिग अड्डा जैसी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइटों पर कम समय दे रहे हैं। प्रमुख उद्योग संगठन एसोचैम द्वारा 12 से 25 आयुवर्ग के दो हजार बच्चों और युवाओं पर कराए सर्वेक्षण के आधार पर यह बात कही गई है। ये सर्वे अहमदाबाद, बेंगलूर, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और पुणे में कराया गया। यह सर्वेक्षण पिछले साल अक्टूबर और दिसंबर के बीच कराया गया। एसोचैम के महासचिव डीएस रावत ने सर्वेक्षण के नतीजे जारी करते हुए कहा कि युवाओं में सोशल मीडिया के प्रति दिलचस्पी घटी है। उन्होंने अपनी डिजिटल पहचान बढ़ाने के बजाय अन्य महत्वपूर्ण चीजों पर ध्यान देना शुरू कर दिया है।
सर्वेक्षण में करीब 55 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर समय बिताना कम कर दिया है। अब वे अपने पसंदीदा सोशल नेटवर्क को लेकर उतने उत्साहित नहीं हैं जितना शुरुआती दिनों में हुआ करते थे। 30 फीसदी ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने अकाउंट को या तो निष्क्रिय या फिर डिलीट कर दिया है। अब उन्हें इसमें रुचि नहीं है, जबकि कुछ का कहना है कि सोशल नेटवर्किंग के चलते उनकी निजता में खलल पड़ रही थी, इस वजह से उन्होंने इसका इस्तेमाल कम कर दिया है। अब वह कई-कई दिन तक लॉग इन नहीं करते हैं। 20 फीसदी लोगों का कहना है कि अब वे इन वेबसाइटों की बजाए अपने दोस्तों के संपर्क में रहने के लिए ब्लैकबेरी, मैसेंजर और मोबाइल की अन्य सुविधाओं का प्रयोग करना अधिक पसंद करते हैं।


