11.11.11 को जब बाकी दुनिया तारीख में अंकों के इस अनूठे संयोग को अपने-अपने तरीके से मना रही थी, तब ज्यूरिख में दुनिया के सात नए प्राकृतिक आश्चर्यो (सेवन न्यू वंडर्स ऑफ नेचर) के वोटों की गणना के पहले चरण की घोषणा हो रही थी। हमें याद होगा ठीक दो साल पहले हम ताजमहल के दुनिया के सात मानवनिर्मित आश्चर्यो में शामिल होने का जश्न मना रहे थे। इस बार बारी प्राकृतिक आश्चर्यो की है।

इनकी अंतिम घोषणा तो अगले साल के शुरू में होगी लेकिन पहले चरण की गणना में जो सात स्थान इसमें अस्थायी विजेता घोषित किए गए हैं, वे हैं- एमेजन रैनफॉरेस्ट व नदी, वियतनाम का हैलोंग बे, अर्जेटीना के इग्वाजू फॉल्स, दक्षिण कोरिया का जेजू द्वीप, इंडोनेशिया का कोमोडो द्वीप, फिलीपींस की प्यूर्टो प्रिंसेसा भूमिगत नदी और दक्षिण अफ्रीका का टेबल माउंटेन। जेजू द्वीप के बारे में हम पहले चर्चा कर चुके हैं (देखें- यात्रा, जुलाई 2011).
एमेजन नदी दक्षिण अमेरिका के नौ देशों से गुजरती है और उसके ईर्द-गिर्द बना रेनफॉरेस्ट प्राकृतिक विविधता का भंडार है। यह एक ऐसी जगह है जो हर कदम आपके सामने एक नया संसार पेश करती है, एक हैरतअंगेज संसार। यह भी कम हैरत की बात नहीं है कि इन सात प्राकृतिक आश्चर्यो में से चार एशिया में हैं और दो दक्षिण अमेरिका में। टेबल माउंटेन अफ्रीका में है। यानी यूरोप या अमेरिका से कोई दावेदार इस सूची में अंतिम मुकाम तक नहीं पहुंच सका।

इंडोनेशिया के कोमोडो द्वीप का एक तट दुनिया के उन सात तटों में से है जहां की रेत गुलाबी है। लेकिन यह द्वीप इससे ज्यादा चर्चित है अपने कोमोडो ड्रैगन के लिए, जो एक तरह की मॉनिटर लिजार्ड है, दुनिया की सबसे बड़ी जिंदा लिजार्ड। वियतनाम का हैलोंग बे (खाड़ी) लाइमस्टोन की चट्टानों से बने तीन हजार से ज्यादा द्वीपों-सूक्ष्म द्वीपों का एक समूह है। यह समुद्र में एक कलाकृति जैसा नजर आता है, एक काल्पनिक सी दुनिया। फिलीपींस की प्यूर्टो प्रिंसेसा नदी लाइमस्टोन के पहाड़ के नीचे से बहने वाली 8.2 किलोमीटर लंबी नदी है। नदी भी ऐसी, जिसमें आप अपनी नाव बहा ले जाएं। गुफाओं से होकर गुजरती यह नदी सीधे पश्चिमी फिलीपीन समुद्र में जाकर मिलती है। उधर दक्षिण अमेरिका में इग्वाजू नदी पर स्थित फॉल्स अपने विस्तार में अद्भुत हैं। यह नदी अर्जेटीना व ब्राजील के बीच सीमा का काम करती है।


