केवल गोरा रंग ही खूबसूरती की निशानी नहीं। सांवली त्वचा भी सलोनी लग सकती है, बशर्ते आपकी त्वचा स्वस्थ हो। चेहरे की चमक में ही असली खूबसूरती छिपी हुई है। चेहरे की कोमल त्वचा को हेल्दी बनाए रखने में आपकी मदद कर सकता है फेशियल।
हमारी त्वचा ऐसी है कि उसे आए दिन बाहरी और आंतरिक बदलावों से दो-चार होना पड़ता है। कभी सर्द हवाएं, तो कभी चिलचिलाती धूप। ये सब चेहरे से उसकी प्राकृतिक नमी और आभा को दूर कर देते हैं। त्वचा की कोमलता को बरकरार रखना आसान काम नहीं है। गर्मी का मौसम है। धूल, मिट्टी, प्रदूषण और मौसम का चिपचिपापन चेहरे से प्राकृतिक चमक छीन लेता है। तेज धूप के सीधे संपर्क में आने से चेहरे पर झुर्रियां आ जाती हैं। इससे चेहरा बीमार दिखने लगता है। चेहरे की इस खोई नमी को वापस पाने के लिए जरूरी है कि नियमित अंतराल पर चेहरे की देखभाल की जाए। क्लींजिंग-टोनिंग इस दिशा में पहला कदम है। पर, अगर आप चाहती हैं कि आपका चेहरा हमेशा खिलखिलाता रहे तो नियमित रूप से फेशियल इसमें आपकी मदद कर सकता है।
फेशियल के मामले में विकल्पों की भरमार है। पर, बुद्धिमानी इसी में है कि अपने स्किन टाइप को ध्यान में रखकर ही फेशियल चुना जाए। आकर्षक नाम या फिर बड़े-बड़े वादों के आधार पर फेशियल का चुनाव नहीं करें। बेहतर होगा कि स्किन एक्सपर्ट की सलाह लेने के बाद ही फेशियल और स्किन ट्रीटमेंट का चुनाव किया जाए। इसका फायदा यह होगा कि आपकी खूबसूरती निखरेगी ही और साथ ही किसी तरह के साइड इफेक्ट्स का डर भी मन में नहीं होगा। एक और बात फेशियल हमेशा अच्छे ब्यूटी पार्लर में ही करवाएं। अगर आप घर पर फेशियल कर रही हैं तो अच्छे ब्रांड के प्रोडक्ट्स का ही चुनाव करें। इस मामले में किसी भी तरह का समझौता बाद में आपके लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
स्वस्थ त्वचा के लिए फेशियल
रोजमर्रा में दो बार चेहरा धो लेने या मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल कर यह सोचना कि आपकी त्वचा हमेशा खूबसूरत और चमकदार रहेगी, गलत है। सिर्फ इतनी देखभाल आपकी त्वचा के लिए पर्याप्त नहीं है। खूबसूरत त्वचा के लिए बाहरी और अंदरूनी तौर पर त्वचा को किसी खास ट्रीटमेंट की जरूरत होती है। यह खास ट्रीटमेंट है फेशियल। 25-26 साल की उम्र के बाद हर महिला को फेशियल करवाना चाहिए। इससे बढ़ती उम्र का प्रभाव आपके चेहरे पर दिखाई नहीं देगा और चेहरे की त्वचा का रक्त संचार भी सुचारु रूप से कायम रहेगा। महीने में कम-से-कम एक बार फेशियल जरूर करवाएं।
अगर आप घर पर फेशियल कर रही हैं, तो उससे पहले चेहरे की त्वचा को अच्छे फेसवॉश या क्लींजिंग मिल्क से साफ करना न भूलें। इसके बाद अच्छे स्क्रब से चेहरे को साफ करके पानी से धो लें। फिर चेहरे का मसाज करें। मसाज सकरुलर मोशन में उंगलियों को ऊपर की ओर ले जाते हुए करें। मसाज लगभग 15 से 20 मिनट तक की जानी चाहिए। पहले गालों से चिन पर और फिर फोरहेड पर हल्के हाथों से मसाज करें। मसाज करने से त्वचा का रक्त संचार तो बढ़ता ही है, साथ ही त्वचा के सूक्ष्म रोमछिद्र भी खुल जाते हैं। इसलिए मसाज करते समय केमिकल युक्त प्रसाधनों के प्रयोग से बचना चाहिए, क्योंकि ये थोड़ी देर के लिए चमक तो दे देते हैं, पर इसके कई दुष्प्रभाव भी होते हैं।
मसाज करते वक्त ऑयल का भी इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन सिर्फ रूखी और सामान्य त्वचा वालों को ही ऑयल मसाज करवाना चाहिए। तैलीय त्वचा के लिए हाइड्रो मसाज बेहतर विकल्प है। ऑयल मसाज को बेहतर बनाने के लिए आप अरोमा ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं। अरोमा ऑयल में रोजमेरी, लैवेंडर, चंदन आदि का प्रयोग करें।
ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन कहती हैं, ‘फेशियल त्वचा के लिए एक जरूरी स्किन ट्रीटमेंट है। इसमें कई तरह की प्रक्रियाएं जैसे क्लींजिंग, टोनिंग, एक्सफोलिएशन, मसाज, मास्क और प्रोटेक्शन शामिल है। अगर आप ब्यूटी पार्लर में फेशियल करवा रही हैं, तो हमेशा अपने स्किन टाइप को ध्यान में रखकर ही प्रोडक्ट का चुनाव करें।’ अगर आपकी त्वचा सामान्य से तैलीय है तो गोल्ड फेशियल आपके लिए उपयुक्त है। इस फेशियल में इसमें 24 कैरेट गोल्ड का इस्तेमाल किया जाता है। गोल्ड सबसे कोमल धातु है और त्वचा इसे आसानी से सोख लेती है। गोल्ड त्वचा से टॉक्सिन और मृत कोशिकाओं को निकालने में मदद करता है। यह रक्त संचार को बढ़ाता है और त्वचा का लचीलापन ठीक करता है और त्वचा को पोषण देता है। वहीं गर्मी के चिपचिपे मौसम के लिए पर्ल फेशियल परफेक्ट है। यह कॉम्बिनेशन त्वचा के लिए अच्छा है।
चलन में है फ्लोरल फेशियल
इन दिनों महिलाएं ब्यूटी प्रोडक्ट्स को लेकर काफी सजग हैं। कैमिकल्स से होने वाले साइड इफेक्ट्स से बचने के साथ अपनी त्वचा के निखार के लिए नैचुरल प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल का चलन बढ़ा है। यही वजह है कि इन दिनों फ्लोरल फेशियल काफी लोकप्रिय हो रहा है। इस फेशियल में तरह-तरह के फूल और फलों के रस का इस्तेमाल किया जाता है। त्वचा की अलग-अलग समस्याओं के लिए अलग-अलग फूलों का इस्तेमाल किया जाता है।


