हर वीकेंड को कहीं बाहर जाकर एंजॉय करना पॉसिबल नहीं है। तो कोई बात नहीं, दिल्ली में ही ऐसी तमाम जगहें हैं जहां जाकर आप चैन से घूम-फिर सकते हैं और अपना बजट भी मेंटेन रख सकते हैं। आप सोच रहे होंगे कि ऐसी भी कौन सी जगह है जहां बजट के साथ एंजॉय हो सके, तो हम आपको बता दें वो जगह है फूडकोर्ट।
ऑफिस वगैरह की टेंशन कम करने और दोबारा तरोताजा होकर काम पर लौटने की चाहत वीकेंड को खास अहमियत देती है। आप अमूमन वीकेंड पर क्या करते हैं? जाहिर सी बात है ऑफिस के माहौल से निकलकर अपने घर परिवार के लोगों के साथ कहीं बाहर जाकर खाना-पीना, मौज-मस्ती वगैरह-वगैरह। लेकिन इस गर्मी में घर से बाहर निकलकर मौज-मस्ती की सबसे अच्छी जगह है मॉल। मॉलों के अंदर वीकेंड फूडकोर्ट का चलन तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली में ही न जाने कितने फूडकोर्ट हैं, अमूमन हर एरिया में। वह चाहे रोहिणी का मेट्रो वॉक हो या साकेत का सेलेक्ट सिटी वॉक।
आखिर फूडकोर्ट है क्या?
फूडकोर्ट का सबसे आसान सा मतलब है कि मॉल के किसी खास जगह पर बना ऐसा खुला प्लेस जिसके चारों तरफ अलग-अलग तरह की खाने की दुकानें हों और उन सारी दुकानों के बीच में बैठने की एक कॉमन जगह हो। जहां आपका जिस भी दुकान से मन करे अपने मनपसंद की खाने-पीने के आइटम लें और अपने यार-दोस्तों के साथ बैठकर वीकेंड एंजॉय कर सकें।
दिल्ली के फेमस फूडकोर्ट
यूं तो दिल्ली में बहुतेरे फूडकोर्ट हैं जिसमें जाकर आप वहां अपने वीकेंड को फुलटूस एंजॉय कर सकते हैं।
लक्ष्मीनगर का वी3एस मॉल - अगर आप लक्ष्मीनगर की तरफ वाले किसी इलाके में रहते हैं तो आपके लिए वी3एस मॉल से नजदीक कोई मॉल नहीं है, जहां फूडकोर्ट के माहौल और वहां के चटपटे खाने का आप लुत्फ उठा सकें। इसके लिए आपको वी3एस मॉल के थर्ड फ्लोर पर जाना होगा। यहां आपको वेज और नॉनवेज सभी व्यंजन खाने को मिलेंगे। इस फूडकोर्ट में अमृतसरी एक्सप्रेस, हैदराबादी ग्रिल्स हैं, तो साथ ही वेज गैलरी और पराठे वाली गली भी मौजूद है। इसके अलावा चाइनीज फूड की भी कम से कम 2 या 3 दुकानें मिल जाएंगी। फूडकोर्ट के किनारे पर चटोरी चाट का भी इंतजाम है। साथ ही है भल्ला-पापड़ी, जिसे खाकर आपका पेट तो भर जाएगा लेकिन मन शायद ही भरे। यहां दिल्ली के बाकी फूडकोर्ट के मुकाबले रेट कम हैं। यहां पर मिलने वाले खाने-पीने की रेंज 50 से लेकर 250 रुपए है। इसमें फूल थाली से लेकर लाइट फास्ट फूड शामिल है।
वसंतकुंज का डीएलएफ प्रोमिनेड मॉल- दिल्ली के सबसे शानदार जगह पर बने इस मॉल के सेकेंड फ्लोर पर जाते ही आपको इसके सबसे आखिरी में काफी बड़ी जगह में फैला हुआ फूडकोर्ट दिखाई देगा। आप चाहें तो दुकानों से लगे डबल चेयर पर बैठें या चारों तरफ से घिरे कोर्ट के अंदर। यहां आपको आइसक्रीम कार्नर में बास्किन बी रॉबिन्स मिलेगा तो कोर्ट के ठीक सेंटर में ब्राउन शुगर कैफे स्टॉल दिखाई देगा। इस फूडकोर्ट में फास्ट फूड आइटम से लेकर भारी-भरकम नॉनवेज और वेज खाना भी मिल जाएगा। यानी कि जैसी भूख वैसा ही खाना मौजूद।
हां, अगर आप हल्का फुल्का पराठा वगैरह खाकर घूमना फिरना चाह रहे हैं तो वो भी इस फूडकोर्ट के आखिरी कोने में मौजूद है, पराठे वाली गली। आपको चांदनी चौक की पराठे वाली गली की याद आ आएगी। अगर आप किसी खास के लिए के क बनवाना चाहते हैं तो ब्राउन शुगर कैफे के ठीक सामने डीविइन इ लिसियस नाम का छोटा सा स्टॉल है। यहां आप केक पर अपने स्पेशल की फोटो भी बनवा सकते हैं। अब इतनी अच्छी जगह जाएंगे तो जाहिर है रेट बाकियों के मुकाबले थोड़ा बीस तो होगा ही। यहां मटर पराठे का रेट 80 रुपए से शुरू है। नॉनवेज के शौकीन हैं तो जेब 300 से 400 रूपए तक ढीली करनी पड़ेगी। मैनेजर फैज ने बताया कि हम कोशिश करते हैं कि हर क्लास के लोग यहां आकर एंजॉय कर सकें।
साकेत का सेलेक्ट सिटी वॉक - सबसे बड़ी खासियत है यहां का डेकोरेशन। आप गर्लफ्रेंड के साथ कुछ रोमांटिक पल बिताना चाहते हैं वो भी सोफे पर बैठकर तो सेलेक्ट सिटी वॉक के इस फूडकोर्ट से बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता। जहां तक खाने के टेस्ट की बात है तो आप शायद ही किसी आइटम को अंडरस्टीमेट कर पाएं। थाली से लेकर साउथ इंडियन डिश सभी कुछ अल्टीमेट है। वेज और नॉनवेज थाली में यहां आपको इतना कुछ मिलेगा कि आराम से दो लोग शेयर कर सकते हैं। 150 रुपए की थाली के अलावा साउथ इंडियन आइटम सिर्फ 90 से 100 रुपए में मिल जाएंगे।
इन सबके अलावा भी कई अन्य फूडकोर्ट हैं जहां जाकर आप भरपूर इंज्वाय कर सकते हैं। दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के अंदर है प्रेमावती फूडकोर्ट। यहां पर आप भव्य मंदिर के दर्शन के साथ 50 रुपए में पेटपूजा भी कर सकते हैं। हां, लाइन जरा लंबी लगानी पड़ेगी।


