देश

भाजपा के ‘शाह’ का भोपाल में शाही स्वागत , हुई फूलों की बारिश,

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह तीन दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार सुबह भोपाल पहुंचे। इस दौरान कई जगहों पर ढोल-नगाड़ों और फूलों की बारिश कर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। युवाओं के जोश और उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि 20 मिनट का सफर शाह के काफिले ने लगभग डेढ़ घंटे में पूरा किया।

उधर, स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के अलावा पार्टी उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।
-इसके बाद शाह प्रदेश पार्टी कार्यालय की ओर रवाना हो गए। रास्ते में उन्होंने लालघाटी चौराहे पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का लोकार्पण किया। शाह के स्वागत में पार्टी के कई युवाओं ने बाइक रैली निकाली, जो शहर के विभिन्न रास्तों से होती हुई उनके साथ-साथ प्रदेश पार्टी कार्यालय पहुंची।

-स्वागत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शाह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां केंद्रीय पदाधिकारी, प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी और अन्य पदाधिकारियों से मिले।

-शाह तीन दिन यहीं प्रदेश पार्टी मुख्यालय में रूककर लगातार विभिन्न बैठकें लेंगे। इस दौरान वह मुख्यमंत्री चौहान और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से अलग-अलग चर्चा भी कर सकते हैं। शाह संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में वह राजधानी भोपाल आए हैं।

इस वजह से नहीं पहुंच पाए थे शाह

-पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शाह को गुरुवार रात दिल्ली से यहां पहुंचना था लेकिन एक बैठक में समय अधिक हो जाने के कारण पहले वे नियमित विमान सेवा से नहीं आ सके। इसके बाद उनका विशेष विमान से आने का कार्यक्रम था लेकिन उसमें तकनीकी खराबी के कारण कार्यक्रम टाल दिया गया और वह सुबह यहां पहुंचे।

Related Articles

Back to top button