देश

आदि शंकराचार्य प्रतिमा हेतु धातु संग्रहण में सभी का सहयोग-श्री नायक

आदि शंकराचार्य की प्रतिमा हेतु धातु संग्रहण एवं जन जागरण अभियान पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत उनकी स्मृति को प्रणाम करने के लिए ओंकारेश्वर में 108 फीट ऊंची अष्टधातु की विशाल प्रतिमा के निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गो से सांकेतिक धातु संग्रहण करने में सभी का सहयोग आवश्यक है। जिले में 7-8 जनवरी 2018 को एकात्म यात्रा में सभी सहभागी बने। उक्त उदगार चंबल संभाग के यात्रा प्रभारी एवं पाठय पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा श्री अवधेश नायक ने आज जिला पंचायत भिण्ड के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय आयोजन समिति की बैठक में व्यक्त किए।
बैठक में कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी, जिला यात्रा प्रभारी श्री अवधेश सिंह कुशवाह, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री संजीव कांकर, जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक श्री सुशील बरूआ, सह यात्रा प्रभारी श्री अमित दुबे, सदस्य श्री रामकुमार महाते, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती सीमा शर्मा, मेहगांव जनपद के अध्यक्ष श्री सुनील सिंह भदौरिया, मण्डल अध्यक्ष श्री उपेन्द्र भदौरिया, नपा उपाध्यक्ष श्री रामनरेश शर्मा, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री सतीष तोमर, चिलोंगा निरवाणी अखाडा के मण्डलेश्वर श्री अवदोत हरीनिवास, विसालु सरकार के संत श्री कुंजबिहारी दास, दंदरौआधाम के पुजारी श्री रामबरन, हनुमान आश्रम श्योपुर के संत श्री प्रवेश गिरी, एडीएम श्री टीएन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र वर्मा, एसडीएम भिण्ड श्री संतोष तिवारी, लहार श्री एमके शर्मा, गोहद डॉ यूनुस कुर्रेशी, पंताजलि योग के जिला प्रभारी श्री कप्तान सिंह राठौर, पार्टी पदाधिकारी श्री जेपी शर्मा, बीसी लहार श्री सुशील चतुर्वेदी, विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
पाठय पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा एवं चंबल संभाग के यात्रा प्रभारी श्री अवधेश नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की गई है। तदुपरांत आदि शंकराचार्य के प्रकटोत्सव 1 मई 2017 को प्रदेश के जिलो में जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन कराया गया था। आदि शंकराचार्य के जीवन में यात्राओं का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। ज्ञान एवं चेतना के विस्तार तथा सामाजिक बुराईयों को समाप्त करने हेतु एकात्म यात्रा प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। यह एकात्म यात्रा ओंकारेश्वर, उज्जैन, पचमठा (रीवा) एवं अमरकंठक पवित्र स्थलो से प्रारंभ की जाएंगी। भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र में यात्रा 7 जनवरी 2018 को प्रवेश कर रात्रि विश्राम भिण्ड में करेगी। इसके बाद दूसरे दिन 8 जनवरी 2018 को भिण्ड से मेहगांव, गोहद चौराहा होती हुई मालनपुर से ग्वालियर में प्रवेश करेगी। इस यात्रा के लिए रूर्टो का चयन जिला प्रशासन द्वारा कर लिया गया है। यात्रा के अन्तर्गत धातु संग्रहण करने के लिए धातु का एक पात्र रहेगा। जिसमें गांवों की मिट्टी पात्र में एकत्रित की जावेगी। यात्रा के पढाव के दौरान जनजागरण और स्वच्छता अभियान का भी समावेश किया जावेगा। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढाओं के साथ समरस्ता का संदेश समाज में पहुंचाया जावेगा। इस यात्रा में साधु संतो के अलावा सामाजिक संगठनो की भागीदारी रहेगी।
कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने बैठक में बताया कि आदि शंकराचार्य की प्रतिमा हेतु धातु संग्रहण एवं जन जागरण अभियान की दिशा में भिण्ड जिले में एकात्म यात्रा के लिए नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना निगम को बनाया गया है। साथ ही जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री सतीष तोमर को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि एकात्म यात्रा को भव्य रूप देने में सभी की सहभागिता आवश्यक है। इस दिशा में एकात्म यात्रा 7-8 जनवरी 2018 के लिए रूर्ट निर्धारित कर दिया गया है। साथ ही अन्य व्यवस्थाऐं भी सुनिश्चित की जा रही है। इस यात्रा में जिले के संत समाज और सामाजिक संगठनो का सहयोग लिया जावेगा। उन्होंने कहा कि उप यात्रा निकालने के लिए जिले के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने अपने क्षेत्र में बैठके आयोजित कर विभिन्न प्रकार की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। साथ ही उप यात्रा और एकात्म यात्रा के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को आकर्षक और मनोहारी बनाया जावेगा।
जिला यात्रा प्रभारी श्री अवधेश सिंह कुशवाह ने बैठक में अवगत कराया कि आदि शंकराचार्य की प्रतिमा हेतु धातु संग्रहण की दिशा में एकात्म यात्रा का दो दिवसीय आयोजन 7-8 जनवरी 2018 को होगा। इस यात्रा में जनसामान्य को जोडने के प्रयास किए जावेंगे। जिससे जिले में यह यात्रा अनूठी यात्रा निकले। इस दिशा में उप यात्राओं को भी एकात्म यात्रा में समाहित किया जावेगा। साथ ही यात्रा में पडने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आदि शंकराचार्य जी के द्वारा सांस्कृतिक एकता में बांधने के लिए किए गए महान कार्य और अमूल्य योगदान को आत्मसात करने की दिशा में जन जन तक पहुंचाने की पहल की जावेगी।
जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक श्री सुशील बरूआ ने बैठक में बताया कि आदि शंकराचार्य ने परमात्मा के साकार एवं निराकार दोनो रूपो को मान्यता दी थी। उन्होंने सगुणधारा की मूर्ति पूजा और निरगुण धारा के ईश्वर दर्शन की अपने ज्ञान एवं तर्क के माध्यम से सार्थकता सिद्व की। उन्होंने कहा कि आदि गुरू शंकराचार्य ने भारत को सांस्कृतिक एकता में बांधने का महान कार्य किया था। भारतीय संस्कृतिक के विस्तार में भी उनका अमूल्य योगदान रहा। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद के माध्यम से भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र भिण्ड और मेहगांव, गोहद के क्षेत्र में 7-8 जनवरी 2018 को संतो के नेतृत्व में यात्रा का आयोजन किया गया है। इस यात्रा में सभी की भागीदारी आवश्यक है।
सह यात्रा प्रभारी श्री अमित दुबे एवं सदस्य श्री रामकुमार महाते ने बैठक में अवगत कराया कि आदि शंकराचार्य की प्रतिमा हेतु धातु संग्रहण एवं जन जागरण अभियान के अन्तर्गत एकात्म यात्रा भिण्ड जिले में 7-8 जनवरी 2018 को निकाली जावेगी। यात्रा के दौरान धातु के पात्र में मिट्टी का संग्रहण जगह-जगह से किया जावेगा। जिसको आदि शंकराचार्य की प्रतिमा निवारण में लगाया जावेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनो, समाज सेवियों, नागरिको की इस यात्रा में भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जावेंगे। जिससे यह यात्रा जिले में दो दिन तक अपने भव्य रूप के साथ आयोजित की जा सके।
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री सतीष तोमर ने बताया कि एकात्म यात्रा 7 जनवरी 2018 को भिण्ड जिले में सेमरा से लहार में प्रवेश करेगी। इसके उपरांत रौन, मिहोना होती हुई भिण्ड पहुंचेगी। भिण्ड में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसीप्रकार दूसरे दिन 8 जनवरी 2018 को भिण्ड से प्रस्थान कर मेहगांव, गोहद चौराहा, मालनपुर होती हुई ग्वालियर जिले में प्रवेश करेगी। उन्होने कहा कि एकात्म यात्रा के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
बैठक में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती सीमा शर्मा, मेहगांव जनपद के अध्यक्ष श्री सुनील सिंह भदौरिया, मण्डल अध्यक्ष श्री उपेन्द्र भदौरिया, नपा उपाध्यक्ष श्री रामनरेश शर्मा, श्री आकाश शर्मा, श्री एमएस चौहान ने एकात्म यात्रा की दिशा में उपयोगी सुझाव दिए। बैठक के प्रारंभ में आदि गुरू शंकराचार्य के जीवन व्यतांत पर फिल्म का प्रदर्शन किया गया। बैठक के अंत में आभार सह यात्रा प्रभारी श्री अमित दुबे ने सभी के प्रति आभार प्रदर्शित किया।

Related Articles

Back to top button