देश

आज पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे नवीन, प्रधानमंत्री समेत सभी दलों के नेता आमंत्रित

भुवनेश्वर : बीजू जनता दल के प्रमुख नवीन पटनायक बुधवार को सुबह 10:30 बजे लगातार पांचवीं बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में की शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल पटनायक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस मौके पर पटनायक मंत्रिमंडल के 21 सदस्यों के भी शपथ ग्रहण करने की संभावना है। समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बीजद की तरफ से विशेष तौर पर निमंत्रण पत्र भेजा गया है। हालांकि प्रधानमंत्री इस समारोह में भाग लेंगे या नहीं यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

समारोह में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं मेक इन ओडिशा में भाग लेने वाले देश के प्रमुख उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें मुख्य रूप से रतन टाटा, मुकेश अंबानी, नवीन जिंदल जैसे देश के बड़े उद्योगपति के भाग लेने की संभावना है। इसमें राज्य की सभी राजनीतिक पार्टी के नेताओं को भी निमंत्रित किया गया है।

राजधानी भुवनेश्वर के प्रदर्शनी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खोजी कुत्तों के साथ 25 प्लाटून पुलिस बल तैनात रहेगा। 25 सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे समारोह पर नजर रखी जाएगी। प्रदर्शनी मैदान को जोड़ने वाले सभी मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। समारोह के दो घंटे पहले ही सुबह आठ बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक मधुसूदन मार्ग को सील कर दिया जाएगा। समारोह स्थल में जाने के लिए पांच प्रवेश द्वारा बनाए गए हैं। सभी प्रवेश मार्ग पर मेडल डिटेक्टर मशीन लगाई गई है। बिना निमंत्रण पत्र के किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। मंच के सामने सौ फीट की दूरी तक स्थान खाली रखा जाएगा। मैदान के अंदर एलसीडी के जरिए समारोह देखने की व्यवस्था की गई है। तीन जगहों पर र्पािकंग व्यवस्था की गई है।

कैपिटल हाईस्कूल मैदान में दो पहिया एवं चार पहिया वाहन, मधुसूदन मार्ग के दोनों तरफ चार पहिया वाहन, वीआइपी सदस्यों की गाड़ी पार्किंग के लिए मैदान के अंदर ही व्यवस्था की गई है। बिना पास के किसी भी वाहन को इन जगहों के लिए नहीं छोड़ा जाएगा।

इस बीच डीजीपी डा. राजेंद्र प्रसाद शर्मा एवं पुलिस कमिश्नर सत्यजीत महांती ने शपथ ग्रहण स्थल का जायजा लिया। महांती ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए आने वाले राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश को समारोह स्थल पर पहुंचाने का रोडमैप के अनुसार कारकेड अभ्यास किया गया है। केशरी टॉकिज होते हुए प्राथमिक शिक्षक भवन के किनारे से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश के साथ अन्य न्यायाधीश प्रवेश करेंगे। विधायक हाउसिंग बोर्ड चौक से मधुसूदन मार्ग होते हुए दूसरे द्वार से प्रवेश करेंगे। उनके समर्थक एवं निमंत्रित अतिथि राममंदिर होकर तीसरे द्वार से प्रवेश करेंगे। अन्य अतिथि चौथे द्वार से प्रवेश करेंगे।

ओडिशा के मुख्यमंत्री पद के लिए बीजू जनता दल अध्यक्ष नवीन पटनायक लगातार पांचवी बार 29 मई को अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे। इस कार्यकाल के बाद पटनायक सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे पवन कुमार चामलिंग का 24 साल का रिकार्ड तोड़ेंगे। सन 1994 में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के मुखिया चामलिंग मुख्यमंत्री बने थे। उनके रिकार्ड की तरफ त्रिपुरा के मुख्यमंत्री रहे मानिक सरकार बढ़ रहे थे मगर पिछले चुनाव में त्रिपुरा में भाजपा की सरकार बन गई। ज्योतिबसु का पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का रिकार्ड 23 साल का है। स्वास्थ कारणों से बीच में ही बुद्धदेव भट्टाचार्य को मुख्यमंत्री बनाया गया था। नवीन पटनायक भारत में सबसे ज्यादा कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बनने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पटनायक ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद पर काबिज होने जा रहे हैं। उनकी पार्टी बीजू जनता दल दो-तिहाई बहुमत के साथ लगातार पांचवीं बार चुनाव जीत गई। बीजद ने ओडिशा की 146 विधानसभा सीटों में से 112 सीटों पर जीत हासिल की है। ओडिशा में 147 विधानसभा सीटें हैं लेकिन एक उम्मीदवार की मृत्यु होने और बाद में चक्रवात फणि के कारण केंद्रापाड़ा जिले की पाटकुरा विधानसभा सीट पर चुनाव टाल दिया गया था। भाजपा मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई। भाजपा ने 23 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। हालांकि भाजपा विधायक दल के नेता रहे केवी सिंह देव अपने निर्वाचन क्षेत्र पटनागड़ से चुनाव हार गए हैं। नेता प्रतिपक्ष के पद पर भाजपा के विधायक नया नेता चुनेंगे। इसकी घोषणा होनी बाकी है।

Related Articles

Back to top button