देश

कांग्रेस बोली- देवव्रत सिंह के डीएनए में थी कांग्रेस, भाजपा ने ऐसे किया पलटवार

रायपुर । खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा ने भले ही राजपरिवार के किसी सदस्य को उम्मीदवार नहीं बनाया हो, लेकिन पूरी चुनावी राजनीति राजपरिवार के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। कांग्रेस जहां दावा कर रही है कि दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह ने खुद के खून में कांग्रेसी डीएनए होने की बात कही थी, तो भाजपा उनके अपमान को मुद्दा बना रही है। इस बीच चर्चा यह है कि देवव्रत सिंह की पहली पत्नी पद्मा सिंह अपने बच्चों के साथ कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करेंगी।


कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मरवाही उपचुनाव के समय जब जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे (जकांछ) ने भाजपा को समर्थन दिया तो देवव्रत सिंह ने उसका विरोध किया था। भूपेश बघेल सरकार के काम से भाजपा मुद्दाविहीन हो गई है। भाजपा के सभी बड़े नेताओं की नींद हराम हो गई है, इसलिए उन्हें हर वक्त घबराहट हो रही है। वहीं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने ट्वीट किया है- देवव्रत सिंह को छत्तीसगढ़ के वर्तमान कांग्रेस नेतृत्व ने बहुत अपमानित किया था, इसलिए उनको कांग्रेस छोड़नी पड़ी थी। खैरागढ़ की जनता अपने राजा का अपमान कभी भी नहीं भूलेगी।

चुनाव अभियान की समीक्षा करेंगे पुनिया
खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस के चुनाव अभियान के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया समीक्षा करेंगे। वे बुधवार को रायपुर पहुंच रहे हैं। वे राजीव भवन में वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस सदस्यता अभियान और महंगाई मुक्त भारत अभियान की तैयारी की समीक्षा करेंगे। वहीं शाम को खैरागढ़ में उपचुनाव के प्रचार-प्रसार की समीक्षा करेंगे। इसमें बूथ स्तर पर प्रचार का खाका तैयार किया जाएगा। 31 मार्च को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ उपचुनाव पर एक और चर्चा होगी, जिसमें चुनाव अभियान पर मंथन होगा।

महंगाई मुक्त भारत अभियान धरने में शामिल होंगे उल्का-चंदन
एआइसीसी के सचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी चंदन यादव मंगलवार और सप्तगिरी शंकर उल्का बुधवार शाम को रायपुर पहुंचेंगे। चंदन बुधवार को राजीव भवन में सदस्यता अभियान और महंगाई मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करेंगे। चंदन खैरागढ़ उपुचनाव में प्रचार के लिए जाएंगे। वहीं बुधवार शाम को उल्का रायपुर के सर्किट हाउस में कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। गुरुवार को कांग्रेस की ओर से महंगाई मुक्त अभियान धरने का आयोजन किया गया है। उल्का राजीव गांधी चौक पर आयोजित इस धरने में शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button