देश

कासगंज हिंसा को राज्यपाल राम नाइक ने बताया यूपी पर कलंक

लखनऊ। यूपी के कासगंज में तिरंगा यात्रा के बाद से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा को लेकर राज्यपाल राम नाइक का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि कासगंज में जो हुआ वो किसी को भी शोभा नहीं देता। यह घटना राज्य पर कलंक के समान है। सरकार इसकी जांच कर रही है और ऐसे कदम उठाए कि फिर से ऐसी घटना ना हो।

इससे पहले घटना को लेकर राज्य सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। खबरों के अनुसार सरकार ने हिंसा करने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की तैयारी की है वहीं इस मामले में कुछ अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। इनमें कासगंज एसपी सुनील कुमार का नाम भी बताया जा रहा है। इसके अलावा यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतक क परिजनों को 20 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम प्रमुख सचिव (गृह) अरविंद कुमार व पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के साथ बैठक कर घटना की पूरी जानकारी ली और पूरे मामले में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इस घटना को लेकर कुछ अधिकारियों पर जल्द ही कार्रवाई हो सकती है।

कासगंज में रविवार को शांति रही और अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रित होने का दावा भी किया लेकिन, पूरे मामले में हुई चूक को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं। अधिकारियों के साथ हुई उनकी बैठक के बाद माना जा रहा है कि घटना में हुई लापरवाही का ठीकरा वहां के एसपी सुनील कुमार सिंह पर फूट सकता है। मुख्यमंत्री के साथ बैठक में उनके प्रमुख सचिव शशि प्रकाश गोयल भी मौजूद रहे।

इससे पहले पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने बताया कि कासगंज में हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई होगी। उन्होंने मीडिया से कहा कि 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा निकालने के लिए किसी को अनुमति लेने की जरूरत नहीं होती। डीजीपी ने बताया कि कासगंज में स्थिति अब सामान्य हो रही है। रविवार को वहां कोई घटना नहीं हुई। प्रमुख सचिव (गृह) अरविंद कुमार और डीजीपी ने रविवार को भी कासगंज मामले की कई बार जानकारी ली। उन्होंने यहां से भेजे गए पुलिस मुख्यालय के अधिकारी डीके ठाकुर से भी बात की।

दिनभर शांति, रात में हिंसा

उत्तर प्रदेश के कासगंज में पुलिस-प्रशासन की अमन की पहल को उपद्रवियों ने रविवार रात फिर पलीता लगा दिया। दिनभर शांत रहे शहर में रात को एक दुकान और मकान में आग लगा दी गई। पुलिस ने तत्परता से आग पर काबू पाया।

इससे पहले दिनभर पुलिस-पीएसी और आरएएफ की तैनाती के बीच अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। आइजी के नेतृत्व में बवाल और युवक की हत्या में वांछित आरोपियों के यहां दबिश देकर पिस्टल, दोनाली बंदूक और देसी बम बरामद किए गए। शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक उपद्रवियों ने चार खोखों में आग लगा दी थी और भरगैन में एक दूधिये को पीट डाला।

पुलिस ने रविवार रात बलवा और हत्या में नामजद व चिह्नित 31 और धारा 144 के उल्लंघन में 51 यानि कुल 82 लोगों को जेल भेज दिया। 40 को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।

तिरंगा यात्रा के विरोध के बाद शहर में हुए उपद्रव के तीसरे दिन रविवार सुबह सहावर गेट और सोरों गेट के अलावा नदरई गेट पर तैनात जवान लोगों को घर में वापस जाने को कहते रहे। तभी सुबह आठ बजे बांकनेर के पास उपद्रवियों ने एक खोखे में आग लगा दी।

प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इसके बाद आइजी अलीगढ़ डॉ. संजीव गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी के जवानों ने शहर के बिलराम गेट, तहसील रोड, बड्डू नगर, लवकुश नगर और शहर के कई हिस्सों में ताबड़तोड़ दबिश दीं और छतों की तलाशी ली। इस दौरान बिलराम गेट पर राशिद के रेस्टोरेंट से देसी बम और तहसील रोड पर युवक चंदन गुप्ता के हत्यारोपी वसीम जावेद के घर से पिस्टल बरामद की। बलवे के आरोपी बबलू के घर से डबल बैरल बंदूक बरामद हुई। आइजी ने बताया कि तिरंगा यात्रा के बाद हुए बवाल को लेकर चार मुकदमे दर्ज हुए हैं।

दूसरी तरफ रविवार को दिन में प्रशासनिक अफसर अमन कमेटियों के जरिए शहर में शांति बहाल करने के प्रयास में जुटे रहे। दोनों संप्रदाय के नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में जाकर शांति की अपील की। उनके प्रयास रंग भी लाए। शाम को बाजार खुले। खरीदारी को लोग बाजार में निकल पड़े। लगा कि हालात सामान्य होने की ओर हैं। प्रशासन ने सोमवार से स्कूल-कॉलेजों के खुलने की भी घोषणा कर दी।

लेकिन रात करीब 9.15 बजे खबर आई कि उपद्रवियों ने रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एक कॉस्मेटिक शॉप में आग लगा दी और बनौटा गली में एक मकान में आगजनी की कोशिश की। जिस पर पुलिस ने समय रहते काबू पा लिया। इसके बाद स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई है।

डीएम आरपी सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराई जाएगी, जिसका जिम्मा एसडीएम सदर देवेंद्र कुमार को सौंपा गया है। इस बीच पूर्व परिवहन मंत्री मानपाल सिंह ने मृतक चंदन गुप्ता के घर पहुंच परिजनों को सांत्वना दी।

Related Articles

Back to top button