देश

इंदिरा गांधी जयंती: पीएम मोदी, सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 102वीं जयंती पर आज देश उन्हें याद कर रहा है। इस मौके पर पीएम मोदी ने उन्हें ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी। वहीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी उन्हें याद किया। इस मौके पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी उनके साथ थे। ये सभी कांग्रेसी नेता इंदिरा गांधी की समाधि शक्ति स्थल पर गए। यह राजघाट के पास स्थित है।

जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू के यहां 19 नवंबर,1917 को जन्मी इंदिरा को उनके दादा मोतीलाल नेहरू ने यह नाम दिया था। फिर पिता ने उनके सलोने रूप के कारण उसमें प्रियदर्शिनी भी जोड़ दिया था। इंदिरा गांधी ने लगातार तीन बार और कुल चार बार देश की बागडोर संभाली और वह देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री रहीं। इंदिरा गांधी ने जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक और फिर जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 में हत्या होने तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की थी।

पीएम मोदी, राहुल गांधी ने किया ट्वीट
इंदिरा गांंधी की जयंती पर मोदी ने लिखा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर मै श्रद्धांजलि देता हूं। वहीं राहुल गांधी ने हिंदी में लिखे एक ट्वीट में कहा कि उनकी ‘प्यारी दादी’ एक सशक्त, समर्थ नेतृत्व और अद्भुत प्रबंधन क्षमता की धनी थीं। उन्होंने कहा, ‘भारत को एक सशक्त देश के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाने वाली लौह-महिला और मेरी प्यारी दादी दिवंगत इंदिरा गांधी जी की जयंती पर शत शत नमन।’

इंदिरा गांधी के जन्मदिन पर 14 सम्मेलन करेगी महिला कांग्रेस
महिला कांग्रेस देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्मदिन पर दिल्ली के सभी 14 जिलों में इंदिरा प्रियदर्शनी सम्मेलन का आयोजन करेगी। पहला सम्मेलन 19 नवंबर को पटपड़गंज जिले में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और पूर्व सांसद सुष्मिता देव करेंगी। यह जानकारी दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिला सम्मेलनों में पेशेवर डॉक्टर, वकील, अध्यापक और अन्य सम्मान प्राप्त महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button