देश

मध्‍य प्रदेश भोपाल में क्रेन से होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित छोटा तालाब के खटलापुरा घाट पर भगवान गणेश की एक विशाल प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पिछले महीने दो नावों के पलटने से 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई थी। इसी घटना को मद्देनजर रखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने अब निर्देश दिया है कि शहर में केवल क्रेन द्वारा ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाए।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार जनसम्पर्क मंत्री पीसी शर्मा ने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छोटा तालाब के सभी विसर्जन घाटों पर केवल क्रेन द्वारा ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कराएं। यह सख्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि किसी भी घाट पर श्रद्धालु नाव से तालाब के बीच में जाकर विसर्जन नहीं करें।

शर्मा ने खटलापुरा घाट पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दशहरा और दुर्गा विसर्जन के दौरान सभी घाटों पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखे। गौरतलब है कि 13 सितंबर को तड़के खटलापुरा घाट पर भगवान गणेश की एक विशाल प्रतिमा के विसर्जन के दौरान दो नावों के पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 8 लोगों को बचा लिया गया था।

Related Articles

Back to top button