देश

आज से महंगा होगा दिल्ली मेट्रो का सफर, यात्री हुए नाराज

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो में सफर करना आज से महंगा हो रहा है। मेट्रो में न्यूनतम किराया तो 10 रुपए ही रखा गया है लेकिन अधिकतम किराया बढ़ाकर 60 रुपए कर दिया गया है। पहले यह 50 रुपए था।

किराए में की गई बढ़ोत्तरी से मेट्रो में यात्रा करने वाले लोगों की जेब पर असर पड़ेगा जिसके चलते वो नाराज दिखाई दे रहे हैं। मेट्रो में रोजाना यात्रा करने वाले एक शख्स ने बताया कि मेट्रो ने किराए बढ़ाने का कारण घाटा बताया है। लेकिन सच यह है कि मेट्रो में पांव रखने की जगह नहीं होती, सुविधाएं तो बढ़ा नहीं रहे लेकिन किराया बढ़ा रहे हैं।

वहीं एक अन्य यात्री ने कहा कि किराया अचानक बढ़ाया गया, अगर यह सही तरीके से धीरे-धीरे होता तो ठीक रहता। लोगों को अब दूसरे साधन देखने होंगे।

बता दें कि किराए में बढ़ोत्तरी को लेकर सोमवार को दिल्ली विधानसभा में भी जमकर हंगामा हुआ लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। हंगामे के बीच दिल्ली विधानसभा ने किराया बढ़ोतरी के खिलाफ प्रस्ताव पास कर दिया।

आज से लागू हो रहे नए किराए के अनुसार यात्रियों को 2 किमी तक के लिए 10 रुपए, 2-5 किमी तक के लिए 15 रुपए की बजाय 20 रुपए, 5-12 के लिए 20 से बढ़ाकर 30 रुपए, 12-21 किमी तक का किराया 30 की बजाय 40 रुपए और 21-32 किमी तक के लिए 40 की बजाय 50 रुपए देने होंगे वहीं 32 किमी के बाद किराया 50 रूपए की बजाय 60 रुपए देना होगा।

बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दस अक्टूबर से मेट्रो का किराया बढ़ाना प्रस्तावित किया है।

Related Articles

Back to top button