देश

ताजपोशीः राहुल गांधी का भाजपा पर निशाना- वो आग लगाते हैं और हम बुझाते हैं

नई दिल्ली । देश की सबसे पुरानी पार्टी की कमान आज राहुल गांधी के हाथों में सौंप दी गई। उन्हें केंद्रीय चुनाव प्रभार समिति के अध्यक्ष एम. रामचंद्रन ने सोनिया गांधी की मौजूदगी में सर्टिफिकेट सौंपा।

इस मौके पर अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर सुबह से ही समर्थकों का भारी जमावड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभालते ही राहुल गांधी ने मंच से अपने भाषण में केन्द्र की सत्ताधारी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश में लगातार हिंसा का दौर जारी है जिसके चलते पूरे देश की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि हम हर भारतीय की आवाज़ सुरक्षित करेंगे।

राहुल ने कहा कि एक बार आग लगती है तो उसे बुझाना मुश्किल होता है और भाजपा देश में आग लगा रही है। देश में हिंसा फैलाई जा रही है। भाजपा तोड़ती है और हम जोड़ते हैं।

राहुल ने आगे कहा कि हम देश को 21वीं सदी में लाए और वो लोग देश को मध्य युग में ले जा रहे हैं। इसे अगर कोई रोक सकता है तो वो हैं कांग्रेस के कार्यकर्ता। हम कांग्रेस को ग्रैंड ओल्ड-यंग पार्टी बनाने जा रहे हैं। हम गुस्से की राजनीति का मुकाबला करेंगे। हम नफरत की राजनीति नहीं करते। हम भाजपा के लोगों को अपना भाई-बहन मानते हैं लेकिन उनके विचारों से सहमत नहीं हैं। वो लोग आवाज को कुचलते हैं और हम आवाज सुनते हैं।

राहुल गांधी की ताजपोश के दौरान पार्टी मुख्यालय में लोग पोस्टर और बैनरों के साथ वहां पर पटाखे छोड़कर खुशियां मना रहे हैं और राहुल के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। इस मौके पर कांग्रेस मुख्यालय के आस पास का पूरा क्षेत्र राहुल गांधी के पोस्टरों और होर्डिंग से भरा हुआ देखा जा सकता है। तस्वीर में यह देखा जा सकता है कि समर्थकों के लिए यहां पर लड्डू मंगवाया गया है और वे नाच गाने के साथ इस पल को सेलिब्रेट कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button