देश

मुंगावली और कोलारस दोनों सीटों पर जीती कांग्रेस

Mungaoli, Kolaras Bypoll Election Result 2018: मध्य प्रदेश की दोनों विधानसभा सीटों, मुंगावली और कोलारस में कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। जहां मुंगावली से कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा के बाई साहब यादव को 2000 वोटों से हराया वहीं कोलारस सीट से कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव ने बीजेपी के देवेंद्र जैन को 8000 वोटों से पटखनी दी है। बता दें कि इस उपचुनाव को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल माना जा रहा था। अब नतीजों की घोषणा के बाद शिवराज के जादू पर सिंधिया का दबदबा भारी पड़ा है। इससे पहले, मुंगावली में मतगणना के 15 चरण पूरे हुए थे। इससे पहले 24 फरवरी को दोनों विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। मुंगवाली में 77.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था तो कोलारस में 70.4 फीसदी वोटिंग हुई थी। मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोलारस उपचुनाव के वोटों की गिनती 23 राउंड में और मुंगावली में मतों की गणना 19 राउंड में हुई।

कोलारस उपचुनाव में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। बता दें कि दोनों स्थानों पर कांग्रेस विधायकों के निधन के चलते उपचुनाव कराए गए थे। कोलारस में कांग्रेस के महेंद्र यादव का भाजपा के देवेंद्र जैन से मुकाबला था। वहीं, मुंगावली में कांग्रेस के बृजेंद्र यादव के सामने भाजपा के बाई साहब थे। मुंगावली और कोलारस दोनों ही क्षेत्रों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया जा रहा था।

Mungaoli, Kolaras Bypoll Election Result 2018 UPDATES-

– कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव ने 8000 वोटों से कोलारस उपचुनाव जीत लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी ने यहां बीजेपी के देवेंद्र जैन को मात दी है।

– 19वें चरण के मतगणना के बाद कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव 6600 वोटों से आगे हैं। अब सिर्फ 4 चरणों की मतगणना और बाकी है।

– 17वें चरण के मतगणना के बाद कोलारस में कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव 6200 वोटों से आगे हैं। जीत लगभग तय मानी जा रही है।

– कोलारस के 23 चरणों में 14वें चरण की मतगणना समाप्त हुई है। यहां कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव 4300 वोटों से आगे हैं।

– कांग्रेस ने मुंगावली सीट पर जीत हासिल कर ली है। पार्टी की ओर से खड़े हुए बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा के बाई साहब यादव को 2000 वोटों के अंतर से मात दी है।

– 18वें चरण की मतगणना तक मुंगावली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की ओर से खड़े हुए उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव बढ़त बनाए हुए हैं।

– उपचुनाव के नतीजों के लिए कोलारस में 13वें चरण की मतगणना पूरी हो गई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, यहां पर कांग्रेस पार्टी 4000 वोटों से आगे चल रही है।

– बीजेपी मुंगावली में धीमे-धीमे कांग्रेस की बढ़त के आंकड़े को कम कर रही है। मतगणना के 15वें चरण तक पार्टी अपनी बढ़त बनाए हुए थी। कांग्रेस फिलहाल 2501 वोटों के अंतर से आगे चल रही है। वहीं, कोलारस में 12वें चरण की मतगणना के मुताबिक, कांग्रेस 3891 वोटों से आगे चल रही है।

– मुंगावली में मतगणना के 11 चरण पूरे हो चुके हैं। इस सीट पर कांग्रेस 1642 वोटों से आगे चल रही है। वहीं कोलारस में भी बीजेपी को पछाड़ते हुए कांग्रेस ने बढ़त बनाई हुई है।

– मुंगावली में मतगणना के 9 चरण पूरे हो चुके हैं। यहां कांग्रेस 4251 वोटों से आगे चल रही है। वहीं कोलारस में आठ चरण की गणना पूरी हो चुकी है। यहां बीजेपी को पछाड़ते हुए कांग्रेस ने 2,609 वोटों से बढ़त बनाई हुई है।

– कोलारस में मतगणना के पांच और मुंगावली में छह चरण पूूरे हो चुके हैं। मुंगावली में कांग्रेस 2652 वोटों से आगे चल रही है, वहीं कोलारस में 2142 वोटों से कांग्रेस ने बढ़त बनाई हुई है।

– मुंगावली में कांग्रेस उम्मीदवार ब्रिजेंद्र सिंह यादव 2197 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव बीजेपी को पछाड़ते हुए 2142 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं।

– कांग्रेस कोलारस में 2250 वोटों से आगे चल रही है तो वहीं मुंगावली में कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ते हुए 671 वोटों पर बढ़त बना ली है। कोलारस में कांग्रेस 1300 वोटों से आगे चल रही है, वहीं मुंगावली में कांग्रेस 1381 वोटों से बढ़त बनाए हुए है।

– कोलारस सीट पर कांग्रेस ने 1583 वोटों से बढ़त बना ली है और मुंगावली में कांग्रेस 1381 वोटों से आगे चल रही है।

– कोलारस में कांग्रेस 766 वोटों से आगे चल रही है और वहीं मुंगावली में 1381 वोटों से आगे चल रही है।

– कोलारस में बीजेपी को पछाड़ते हुए कांग्रेस एक हजार से भी ज्यादा वोटों से आगे चल रही है, वहीं मुंगावली में दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर है। मुंगावली में कांग्रेस महज 31 वोटों से आगे चल रही है।

– गणना में कोलारस में कांग्रेस 1256 वोटों से आगे चल रही थी तो वहीं मुंगावली में बीजेपी 305 वोटों पर आगे थी, लेकिन कांग्रेस ने दोनों सीटों पर जबरदस्त बढ़त बना ली है। कोलारस में कांग्रेस 1421 वोटों से आगे चल रही है तो मुंगावली में 121 वोटों से बढ़त बनाए हुए है।

– मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने दोनों जिलों के जिलाधिकारी और रिटनिंर्ग ऑफिसर से चर्चा कर मतगणना की तैयारियों की जानकारी ली थी। उन्होंने मतगणना में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने का आदेश दिया था। मतगणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ हो चुकी है। इसके पहले कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग-रूम से ईवीएम को बाहर निकाल लिया गया था। आपको बता दें कि 24 फरवरी को शिवपुरी जिले के कोलारस और अशजकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा उपचुनाव हुए थे।

– आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कोलारस की मतगणना शासकीय आईटीआई कॉलेज कोलारस में हो रही है। मुंगावली में वोटों की गिनती अशज़कनगर स्थित शासकीय नेहरू डिग्री कॉलेज में की जा रही है। कोलारस और मुंगावली उपचुनाव के वोटों की गिनती के लिए 14-14 टेबल लगाई गई है। प्रत्येक टेबल के लिए एक-एक माइक्रो आब्जर्वर, गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक और दो अन्य कर्मचारियों को तैनात किया गया है। मतगणना की तैयारियों के मुताबिक, दोनों स्थानों पर 70-70 कर्मचारी ईवीएम में डाले गए वोटों की गिनती करा रहे हैं।

– सामान्य प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटनिंर्ग ऑफिसर की मौजूदगी में मतगणना की प्रक्रिया को संपन्न किया जा रहा है। संपूर्ण मतगणना की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। दोनों मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। दोनों स्थलों पर सीएपीएफ की एक-एक कंपनी तथा स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है। प्राधिकार-पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं है। मतगणना स्थल पर कैमरा, मोबाइल आदि ले जाना प्रतिबंधित है। मीडिया को जानकारी देने के लिए मतगणना स्थल पर मीडिया सेंटर भी बनाया गया है। सबसे पहले डाक मत-पत्र की गिनती की जाएगी।

Related Articles

Back to top button