देश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए सोनिया गांधी ने शुरू किया मंथन, जल्द हो सकती है घोषणा

INDIA-ELECTION/

भोपाल. मध्य प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कांगे्रस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से राय मशविरा शुरू कर दिया है। वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को सोनिया गांधाी से मुलाकात की। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ शुक्रवार को उनसे मिल सकते हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की सोनिया से मुलाकात को लेकर अभी असमंजस बना हुआ है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को सोनिया गांधी के साथ आयोजित बैठक में भाग लेने दिल्ली आ रहे हैं। वे गुरुवार को पार्टी नेताओं की बैठक में मौजूद नहीं थे।

कांग्रेस के नेता बता रहे है कि सोनिया गांधी नहीं चाहती है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के घमासान का असर नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर पड़े। लिहाजा उन्होंने इसे लेकर राय मशविरा शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में हुए विवाद को लेकर भी अपनी सफाई दी है। सोनिया की सक्रियता देखकर नेताओं का मानना है कि प्रदेश कांग्रेस को जल्द नया अध्यक्ष मिल जाएगा। लेकिन यह इतना आसान नजर नहीं आ रहा क्योंकि सिंधिया ने खुद इसके लिए अपना दावा पेश किया है। सूत्रों की मानें तो दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के सहमत नहीं होने की स्थिति में सिंधिया का अध्यक्ष बनना मुश्किल माना जा रहा है।

उधर, नए अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही इस कांग्रेस में संगठनात्मक सर्जरी होगी। संगठन को और मजबूत करने के लिए एआइसीसी ने प्रदेश संंगठन से जिला अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों की परफारमेंस का हिसाब-किताब मांगा है। संगठन को मजबूत करने में किसका-कितना योगदान रहा है, इस आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है। ये जानकारी पार्टी हाईकमान ने तलब की है। रिपोर्ट कार्ड के आधार पर ही नेताओं को पद दिया जाएगा।

जिन नेताओं का रिपोर्ट कार्ड बन रहा है, उनमें जिला अध्यक्ष भी शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो पार्टी हाईकमान जिला अध्यक्षों के प्रदर्र्शन से खुश नहीं हैं। आधे से ज्यादा जिला अध्यक्षों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। पुराने जिला अध्यक्षों को हटाकर युवा नेताओं को कमान दी जाएगी। जिले में कांग्रेस को मिले वोट की तुलना 2014 में मिले वोटों से की जा रही है। बूथवार डाटा जुटाया जा रहा है। जिन जिला अध्यक्षों ने चुनाव में अपेक्षाकृत काम नहीं किया है, उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button