मनोरंजन

Happy Birthday Salman: विराट-अनुष्‍का का रिसेप्‍शन अटैंड कर सलमान के बर्थडे में पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी

बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान आज 52 साल के हो गए हैं। सलमान खान ने मंगलवार रात को अपने जन्मदिन को कुछ खास दोस्तों के साथ सेलिब्रेट किया। मंगलवार रात को एक तरफ जहां ज्यादातर बॉलीवुड स्टार्स विराट-अनुष्का रिसेप्शन में बिजी थे तो वहीं कुछ सलमान खान के बर्थडे पार्टी में भी शरीक हुए। जबकि कुछ मेहमान ऐसे भी थे जो दोनों जगह पाए गए। उन्हीं नामों में से एक नाम है भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का। महेंद्र सिंह धोनी अपनी फैमिली के साथ पहले विराट-अनुष्का रिसेप्शन में पहुंचे और थोड़ी देर बाद वहां से पनवेल के लिए रवाना हो गए। बता दें कि सलमान खान ने मंगलवार रात पनवेल स्थित अपने फार्महाउस पर दोस्तों के लिए पार्टी का आयोजन किया था। मंगलवार को मुंबई में अनुष्का शर्मा और विराट कोहली का वेडिंग रिसेप्शन में कैटरीना कैफ भी नजर आईं। लेकिन कुछ समय बाद वो भी पनवेल के लिए निकल गईं।

इस पार्टी में सलमान की ऑन-स्क्रीन मां और पॉलीटिशियन बीना काक भी नजर आईं। बीना काक को आपने सलमान और कैटरीना की फिल्म ‘मैंने प्यार क्यों किया’ सलमान की मां के रोल में देखा होगा। हाल ही में रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ की वजह से सलमान और कैटरीना एक बार फिर एक-दूसरे के काफी करीब आ गए हैं। इन दोनों की फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है।

वहीं विराट-अनुष्का रिसेप्शन मे फैमिली के साथ नजर आने वाले महेंद्र सिंह धोनी इस पार्टी में अकेले नजर आए। धोनी टेस्ट क्रिकेट से सन्यास ले चुके हैं, ऐसे में जनवरी का टाइम वो अपनी फैमिली के साथ ही बिताना चाहेंगे। जबकि फरवरी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले वनडे और टी-20 सीरीज में वह टीम के साथ खेलते हुए दिखाई देंगे।

Related Articles

Back to top button