मनोरंजन

The Big Picture शो से छोटे पर्दे पर डेब्यू के लिए तैयार रणवीर सिंह

नई दिल्ली। कलर्स टीवी के गेम शो द बिग पिक्चर से रणवीर सिंह छोटे पर्दे पर डेब्यू करने जा रहे हैं। रविवार को गेम शो की लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा बिग बॉस 15 में की गयी। शो का प्रोमो भी जारी कर दिया गया है, जिससे इस गेम शो के बारे में दर्शकों कुछ अंदाज़ा हो सके। रणवीर सिंह अब बॉलीवुड के उन कलाकारों में शामिल हो गये हैं, जो फ़िल्मों के साथ-साथ छोटे पर्दे पर भी अपना दमख़म दिखाते आते हैं।

द बिग पिक्चर एक ऐसा गेम शो है, जिसमें शामिल होने वाले कंटेस्टेंट्स की जनरल नॉलेज के साथ पिक्टोरियल मेमोरी की परीक्षा ली जाएगी। कंटेस्टेंट्स को 12 चित्र और दृश्य संबंधी सवालों के जवाब देने होंगे। सही जवाब देने वाले को इनामी राशि दी जाएगी। कंटेस्टेंट्स यह खेल पार्टनर्स के साथ खेल सकते हैं, जिन्हें लाइफ़लाइन कहा गया है। यह खेल घर बैठे-बैठे भी खेला जा सकेगा।

द बिग पिक्चर 16 अक्टूबर से शुरू हो रहा है और वीकेंड्स पर शनिवार और रविवार को प्रसारित होगा। इसका प्रसारण समय बिग बॉस 15 से ठीक पहले रात 8 बजे रखा गया है। रविवार को सलमान ख़ान ने रणवीर के साथ शो बिग बॉस 15 के प्रीमियर एपिसोड में लॉन्च किया।

बता दें, रणवीर छोटे पर्दे के साथ अब बड़े पर्दे पर भी आने के लिए तैयार हैं। क्रिसमस के मौक़े पर उनकी फ़िल्म 83 सिनेमाघरों में 23 दिसम्बर को रिलीज़ हो रही है। कबीर ख़ान निर्देशित यह फ़िल्म भारतीय क्रिकेट टीम की पहली विश्व कप जीत पर आधारित है।

रणवीर फ़िल्म में तत्कालीन कप्तान कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं, जबकि दीपिका पादुकोण उनकी पत्नी के रोल में हैं। फ़िल्म में पंकज त्रिपाठी टीम मैनेजर के रोल में हैं, जबकि ताहिर राज भसीन, साकिब सलीम, साहिल खट्टर, जतिन सरना, एमी विर्क, जीवा, चिराग पाटिल टीम के विभिन्न खिलाड़ियों के किरदार में दिखेंगे।

यह फ़िल्म सबसे पहले 10 अप्रैल 2020 को रिलीज़ होने वाली थी, मगर कोविड महामारी के चलते फ़िल्म की रिलीज़ खिसकती चली गयी। इस साल हालात कुछ सामान्य होने पर 4 जून को रिलीज़ करने का एलान किया गया था, मगर दूसरी लहर की वजह से रिलीज़ नहीं हो सकी। अब 22 अक्टूबर से महाराष्ट्र में सिनेमाघर खुलने के बाद 83 को क्रिसमस पर रिलीज़ करने का एलान किया गया है।

Related Articles

Back to top button