मनोरंजन

पहली तिमाही में RRR, द कश्मीर फाइल्स और गंगूबाई काठियावाड़ी ने लौटाई रौनक

नई दिल्ली। साल 2022 की शुरुआत कोरोना वायरस पैनडेमिक की तीसरी लहर की आशंका के बाद फिल्मों की रिलीज डेट टलने के साथ हुई और जनवरी में बॉक्स ऑफिस पर सन्नाटा छाया रहा। मगर, फरवरी आते-आते ओमिक्रोन के मामले नियंत्रित होने लगे और प्रोटोकॉल्स का पालन करते हुए फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होना शुरू हुईं और इसी के साथ बॉक्स ऑफिस अपनी पुरानी रंगत में लौटने लगा।

शुरुआती हिचक के बाद फरवरी के अंत में दर्शक सिनेमाघरों में लौटना शुरू हुए और मार्च में सिनेमाघरों में फिल्मों का कारोबार पटरी पर लौट आया। 2022 की पहली तिमाही की सबसे बड़ी उपलब्धियां गंगूबाई काठियावाड़ी, द कश्मीर फाइल्स और आरआरआर हैं तो सबसे बड़ी नाकामयाबी बच्चन पांडेय रही।

100 करोड़ क्लब में पहली एंट्री गंगूबाई काठियावाड़ी

दिसम्बर में ओमिक्रॉन के मामले बढ़ने के बाद लगाये गये प्रतिबंध शिथिल होने के बाद साल 2022 की पहली रिलीज बधाई दो थी, जो 11 फरवरी को सिनेमाघरों में उतरी। राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म ने लगभग 20 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके बाद 24 फरवरी को तमिल फिल्म वलिमै हिंदी में भी जोर-शोर से रिलीज हुई, मगर आश्चचर्यजनक रूप से यह हिंदी बेल्ट में नकार दी गयी।

25 फरवरी को साल की पहली बहुप्रतीक्षित फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी सिनेमाघरों में पहुंची। संजय लीला भंसाली और आलिया भट्ट की पहली जुगलबंदी को देखने के लिए दर्शकों ने सिनेमाघरों का रुख किया। लगभग 128 करोड़ का कलेक्शन करके गंगूबाई काठियावाड़ी ने 100 करोड़ क्लब का फीता काटा और 2022 की पहली बड़ी सफलता बनी। हालांकि, इसके बाद 4 मार्च को आयी अमिताभ बच्चन की झुंड को तारीफें तो मिलीं, मगर बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 17 करोड़ ही मिल सके।

द कश्मीर फाइल्स पहली 200 करोड़ी फिल्म

11 मार्च को विवेक अग्निहोत्री निर्देशित द कश्मीर फाइल्स सिनेमाघरों में पहुंची, जिसने बॉक्स ऑफिस गणित का हिसाब-किताब रखने वालों को अचम्भे में डाल दिया। एक स्मॉल रिलीज के तौर पर सिनेमाघरों में उतरी पिल्म देखते ही देखते इतनी बड़ी होती चली गयी कि 200 करोड़ क्लब का उद्घाटन किया और रिलीज के 20 दिनों में फिल्म 240 करोड़ के आस-पास पहुंच चुकी है। उम्मीद की जा रही है कि कश्मीरी पंडितों के पलायन पर बनी यह फिल्म 250 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन कर लेगी। इसके साथ बड़े-बड़े दावों और उम्मीदों पर सवार तेलुगु फिल्म राधे श्याम पूरी तरह असफल रही। पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज हुई राधे श्याम हिंदी बेल्ट में सिर्फ 20 करोड़ के आस-पास ही जुटा सकी और 2022 की पहली बड़ी असफलता के रूप में दर्ज हुई।

बच्चन पांडेय पहली बड़ी निराशा

18 मार्च को एक बार फिल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचने की उम्मीद जगी, जब अक्षय कुमार की चर्चित फिल्म बच्चन पांडेय आयी, मगर हैरानी तब हुई, जब ओपनिंग वीकेंड के बाद बच्चन पांडेय बैठती चली गयी और लगभग 50 करोड़ का कारोबार करके सिमट गयी। हालांकि, अक्षय ने बाद में बच्चन पांडेय की असफलता के पीछे द कश्मीर फाइल्स की लहर को जिम्मेदार माना। बच्चन पांडेय साल 2022 की पहली बड़ी बॉलीवुड असफलता बनकर रह गयी।

पहली 400 करोड़ी फिल्म- RRR

… और फिर 25 मार्च को आयी भारतीय सिनेमा की द मोस्ट अवेटेड फिल्म आरआरआर। बाहुबली निर्देशक एसएस राजामौली की इस फिल्म से सिनेमा लवर्स के साथ ट्रेड को भी बेतहाशा उम्मीदें थीं और फिल्म ने किसी को निराश नहीं किया। आरआरआर बॉक्स ऑफिस तूफानी गति से दौड़ रही है। तेलुगु के साथ तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज हुई फिल्म सभी भाषाओं में 400 करोड़ का नेट कलेक्शन कर चुकी है, वहीं सिर्फ हिंदी बेल्ट में फिल्म का नेट कलेक्शन 120 करोड़ हो चुका है। राजामौली की इस फिल्म से बड़ा कलेक्शन करने की पूरी उम्मीद है। आरआरआर ने द कश्मीर फाइल्स की रफ्तार को भी धीमा किया है।

इन सभी फिल्मों का मिला-जुला कारोबार देखें तो पहली तिमाही में बॉक्स ऑफिस पर लगभग 800 करोड़ का नेट कलेक्शन हुआ है, जिसने 2022 की पहली तिमाही को जोरदार आगाज दिया है तो वित्तीय वर्ष 2021-22 को शानदार विदाई दी है।

Related Articles

Back to top button